आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी अपनी संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार नेतृत्व में बदलाव कर रही है। इसी कड़ी में भाजपा ने बिहार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सम्राट चौधरी की ताजपोशी की है। वे संजय जायसवाल का स्थान लेंगे। इस बात की घोषणा भाजपा ने आधिकारिक रूप से कर दी है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू भी कर दिया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पत्र जारी करते हुए कहा है कि बिहार विधान परिषद के सदस्य सम्राट चौधरी बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। सम्राट चौधरी के बिहार भाजपा का नया अध्यक्ष घोषित होने के बाद दल के विधायकों, विधान पार्षदों की ओर से उन्हें बधाईयां दी जा रही हैं।
कुशवाहा समाज पर सम्राट चौधरी की पकड़ मजबूत
गौरतलब है कि सम्राट चौधरी पिछले कई दिनों से हर मुद्दे पर सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमलावर हैं। उन्होंने शपथ ली है कि जब तक वे नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से बेदखल नहीं कर देते तब तक पगड़ी बांधे रखेंगे। सितंबर में संजय जायसवाल का प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल खत्म हो गया था लेकिन लगातार दो विधानसभा उपचुनाव और अमित शाह के दौरे के कारण ये नियुक्ति टल रही थी।
बता दें कि सम्राट चौधरी वर्त्तमान में बिहार विधान परिषद् में नेता प्रतिपक्ष है। वे बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। सम्राट चौधरी मुंगेर जिले के हैं और कद्दावर नेता शकुनी चौधरी के बेटे हैं। कुशवाहा समाज से आने वाले सम्राट चौधरी की अपने समाज में मजबूत पकड़ है। ये राबड़ी देवी सरकार में भी मंत्री रहे हैं। वर्ष 1999 में कृषि मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा सीएम नीतीश ने इन्हें जदयू कोटे से भी मंत्री बनाया था। वर्ष 2014 में शहरी विकास और आवास विभाग के मंत्री रह चुके हैं। वर्ष 2018 में इन्हें बिहार प्रदेश का उपाध्यक्ष बनाया गया।

