सोशल मीडिया में चर्चित आरिफ का दोस्त सारस बुधवार को पक्षी विहार से गायब हो गया। जिससे वन विभाग में हड़कंप मच गया है। बता दें कि मंगलवार को ही वन विभाग के अधिकारी सारस को अमेठी से रायबरेली के समसपुर पक्षी विहार में संरक्षित किया था। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर वन विभाग के कर्मचारियों ने मंगलवार को आरिफ के घर से लाये गए सारस पक्षी को समसपुर पक्षी विहार में छोड़ा था। ऐसा करने के पीछे ये वजह बताई गई थी कि सारस राजकिय पक्षी है और उसे इस तरह कोई भी अपने पास नहीं रख सकता।
अब सारस पक्षी का पक्षी विहार में लोकेशन नहीं मिल रहा है। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बुधवार चार बजे के बाद से सारस को नहीं देखा गया। इस पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार से नाराजगी जताई है। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, ‘बहुचर्चित सारस अब लापता है। बीजेपी सरकार तुरंत सारस को खोजे, नहीं तो पूरी दुनिया के पक्षी प्रेमी आंदोलन करेंगे।’
दरअसल सारस पक्षी उस समय चर्चा में आया था, जब आरिफ नाम के शख्स के साथ उसकी दोस्ती के किस्से सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। खुद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आरिफ और सारस की दोस्ती देखने जामो पहुंचे थे।
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर सारस की मिलने की जानकारी दी और गांववालों को धन्यवाद कहा। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा ‘यूपी के पक्षी-प्रेमी ‘बी सैया’ नामक गांव को बहुत धन्यवाद जिसने सारस को बचाया, खिलाया पिलाया और वो काम कर दिखाया, जिसमें यूपी की सरकार नाकाम रही। सच तो ये है कि प्रेम से बड़ी सत्ता और कोई हो ही नहीं सकती… भाजपाई अगर समय रहते ये समझ लें तो शायद उनके अंदर की नफ़रत कुछ कम हो जाए। ‘

