शराब नीति घोटाले के आरोपों में घिरे दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के सरकारी आवास को अब आतिशी मार्लेना को आवंटित कर दिया गया है। आतिशी हाल ही में मंत्रिमंडल में शामिल की गई है। बता दें कि शराब नीति घोटाले में जेल जाने के बाद आप नेता सिसोदिया ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद आतिशी को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया और उन्हें दिल्ली के नए शिक्षा मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गयी।
गौरतलब है कि मंत्री बनने के बाद सिसोदिया को जो बंगला मिला था उसे अब उन्हें खली करना होगा। इस संबंध में दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग ने 14 मार्च को एक आधिकारिक पत्र जारी किया है। इसमें सिसोदिया को मथुरा रोड स्थित सरकारी आवास को 21 मार्च तक खाली करने का समय दिया गया है। बता दें कि यह बंगला 2015 में सिसोदिया को आवंटित किया गया था, जब दिल्ली में आप सरकार सत्ता में आई थी।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार में मंत्री रहे सिसोदिया वर्तमान में राज्य सरकार की शराब नीति घोटाला मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई के दायरे में हैं। आज ही दिल्ली की एक अदालत ने उनकी प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत को पांच दिन बढ़ा दिया है।

