कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी द्वारा लंदन में दिए देश विरोधी बयान को लेकर भाजपा कांग्रेस पर लगातार हमला कर रही है। भाजपा लगातार मांग कर रही है कि कांग्रेस नेता अपने देश विरोधी बयान के लिए देश से माफी मांगे। बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी बीते बुधवार को विदोश से भारत लौटे हैं। उन्होंने उसके अगले दिन यानी गुरूवार को संसद में भाग लिया लेकिन हंगामें की वजह से सदन स्थगित कर दी गई जिसके वजह से वह सदन में अपनी बात नही रख पाए।
इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि मैं एक सांसद हूं और अपनी बात संसद में ही रखूंगा। इसके बाद भी भाजपा लगातार राहुल गांधी पर हमलावर है और माफी की मांग पर अड़ी हुई है।
आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक वीडियो कॉन्फ्रेंस कर उनपर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, राहुल गांधी को देश और संसद से माफी मांगनी ही होगी। उन्होंने आगे कहा, दुर्भाग्य की बात यह है कि देश विरोधी गतिविधियों में कांग्रेस पार्टी शामिल हो गई है। जनता द्वारा बार-बार नकार दिए जाने के बाद अब राहुल गांधी इस देश विरोधी टूलकिट का एक स्थायी हिस्सा बन गए हैं।
विदेशी धरती पर देश का अपमान कर रहे हैं राहुल
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगे कहा, देश एक ओर भारत के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन रहा है और जी20 की बैठकें हो रही हैं, राहुल गांधी विदेशी धरती पर देश और संसद का अपमान कर रहे हैं, मैं उनसे इसके पीछे उनकी मंशा जानना चाहता हूं ?
उन्होंने आगे कहा, राहुल गांधी का एक निर्वाचित बहुमत वाली सरकार के खिलाफ देशविरोधी बातें कहना भारत के 130 करोड़ भारतीयों का अपमान है। उन्होंने कहा, विदेशी धरती पर राहुल गांधी का ये कहना कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है और इस पर यूरोप-अमेरिका को हस्तक्षेप करना चाहिए, भारत जैसे देश के लिए इससे अधिक शर्मनाक बात क्या हो सकती है ?
राहुल गांधी के इरादे पर उठाए सवाल
बीजेपी चीफ जेपी नड्डा ने राहुल गांधी से सवाल किया, आपने भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप के लिए दूसरे देश के दखल की मांग की है, इसके पीछे आपका क्या इरादा है ? नड्डा ने दावा किया, किसी दूसरे देश से भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की मांग करना भारत की संप्रभुता पर हमला है।
उन्होंने आगे कहा, मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि यूरोप और अमेरिका से भारत के घरेलू मामलों में दखल देने के पीछे उनकी क्या मंशा है? नड्डा ने कहा, राहुल गांधी अपने देश को बदनाम कर रहे हैं, भारत विरोधी जॉर्ज सोरोस और राहुल गांधी की भाषा एक जैसी ही है, पकिस्तान और कांग्रेस की भाषा भी एक जैसे ही है, और इस देश की जनता कांग्रेस के इन मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी। राहुल गांधी को इस पाप के लिए देश से माफ़ी मांगनी ही होगी।

