बुधवार को विदेश से लौटे कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को संसद पहुंचे। यहां उन्होंने लोकसभा की कार्यवाही में भाग लिया। हालांकि, भाजपा और विपक्ष के बीच टकराव के चलते सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई, जिसकी वजह से राहुल गाँधी को बोलने का मौका नहीं मिला। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी मुख्यालय में एक पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार पर अडानी मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है।
राहुल गाँधी ने कहा कि संसद में उनकी अडानी मुद्दे पर बात को कार्यवाही से हटा दिया गया। उनका मुख्य प्रश्न अभी भी अनुत्तरित है कि प्रधानमंत्री मोदी और उद्योगपति गौतम अडानी के बीच क्या संबंध है। वे इस विषय पर विस्तार से मीडिया से बातचीत करेंगे लेकिन वे पहले संसद में अपनी बात रखना चाहते हैं। उनका कहना था कि संसद में आज उनके पहुंचने के बाद तुरंत ही कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया। वे कल इस मुद्दे पर अपनी बात रखेंगे, उन्हे आशा है कि उन्हें अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर संसद और देश की गरिमा को चोट पहुंचाने के आरोप लग रहे हैं। लंदन में हाल ही में उन्होंने कुछ बयान दिए थे, जिसके बाद वे भाजपा नेताओं के निशाने पर हैं। उनके इन्हीं बयानों पर संसद में भी सत्ता पक्ष उनसे माफी की मांग कर रहा है।

