नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की आज दिल्ली की अदालत में पेशी है। लालू प्रसाद यादव दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के चलते व्हीलचेयर पर उपस्थित हुए है। उनके साथ उनकी पत्नी व बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद से राज्यसभा सांसद व लालू यादव की बेटी मीसा भारती भी अदालत में पेश हुई है। बता दें कि राउज एवेन्यू कोर्ट ने 27 फरवरी को सभी 16 आरोपितों को समन जारी कर 15 मार्च को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया था।
गौरतलब है कि सभी आरोपी राऊज एवेन्यू कोर्ट की कोर्ट नम्बर 501 में जज गीतांजलि गोयल के सामने पेश होंगे। पेशी को देखते हुए कोर्ट में इंटरनल सिक्योरिटी बढ़ा दी गयी है। बता दें कि राजद नेता लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के सदस्यों पर आरोप है कि साल 2004-2009 के दौरान लालू प्रसाद के रेल मंत्री रहते हुए रेलवे में नौकरी के बदले लोगों से जमीन ली है। लालू परिवार को ये जमीन उपहार में दी गई या कम कीमत पर बेच दी गई। सीबीआई ने बीते साल 18 मई को लालू यादव के खिलाफ केस दर्ज किया था।
सीबीआई ने इस मामले में पिछले दिनों चार्जशीट दाखिल की थी। सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में आरोप लगाया है कि रेलवे की ग्रुप-डी में भर्ती के लिए भारतीय रेलवे के निर्धारित मानदंडों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन करते हुए रेलवे में अनियमित नियुक्तियां की गईं।
सीबीआई और ईडी ने की पूछताछ
उल्लेखनीय है कि इसके पहले 6 मार्च को सीबीआई पटना स्थिति बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर पहुंची थी जहां उनसे घोटाले को लेकर सवाल-जवाब किए थे। उसके अगले ही दिन 7 मार्च को सीबीआई की टीम ने दिल्ली स्थित राजद सांसद और लालू यादव की बेटी मीसा भारती के आवास पर पहुंची। यहां पर सीबीआई ने घोटाला मामले में लालू यादव और मीसा भारती से पूछताछ की।
बता दें कि सीबीआई के पूछताछ के तीन दिन बाद ही ईडी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लालू यादव, तेजस्वी यादव और उनके परिवार व करीबियों के करीब 15 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान ईडी ने दावा किया था कि उसे छानबीन के दौरान 600 करोड़ के आर्थिक अपराध का पता चला है। केंद्रीय एजेंसी ईडी ने बताया कि 1 करोड़ कैश, 1900 अमेरिकी डॉलर, 540 ग्राम सोना और 1.5 किलो सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।

