संसद के बजट सत्र का आज दूसरा दिन भी जोरदार हंगामे की वजह से स्थगित की भेंट चढ़ गया। राहुल गांधी के लंदन वाले बयान को लेकर सदन में इतना हंगामा हुआ कि कार्यवाही आज भी रोक दी गई और राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए इसकी मांग की गई।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संसद भवन स्थित कक्ष में हुई बैठक में खरगे के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, द्रमुक के टीआर बालू, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के संजय राउत, आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा और कई अन्य दलों के नेता शामिल हुए। तृणमूल कांग्रेस इस बैठक में शामिल नहीं हुई, उसके सदस्यों ने अडानी समूह से जुड़े विषय को लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन किया।
मंगलवार को संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा भी शुरू हो गया। राज्यसभा में फिर से पीयूष गोयल ने राहुल गांधी के बयान का मुद्दा उठाया। सत्ता पक्ष राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग पर अड़ा रहा। वहीं विपक्ष की तरफ से लगातार जेपीसी जांच की मांग उठाई गई। हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही पहले दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित की गई और फिर बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. इसके बाद कांग्रेस ने अडानी विवाद सहित विभिन्न मुद्दों पर संसद में विरोध प्रदर्शन किया।

