ठग सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के उप राज्यपाल वी के सक्सेना को लेटर लिखकर एक और बम फोड़ा है। सुकेश ने तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को वीवीआईपी ट्रीटमेंट मिलने की संगीन आरोप लगाए हैं। बता दें कि सिसोदिया दिल्ली की आबकरी नीति घोटाला मामले में तिहाड़ जेल में बंद है। उसी तिहाड़ जेल में ठग सुकेश चंद्रशेखर भी बंद है। सुकेश ने उप राज्यपाल वी के सक्सेना को चिट्ठी लिखकर सिसोदिया को मिल रहे वीवीआईपी ट्रीटमेंट की जाँच करने की मांग की है।
सुकेश ने लेटर लिखकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी झूठी खबर फ़ैलाने का आरोप लगाया है। सुकेश ने कहा कि केजरीवाल यह झूठी खबर फैला रहे हैं कि सिसोदिया की जान को खतरा है जबकि उन्हें सबसे सुरक्षित जगह पर रखा गया है। सुकेश ने चिठ्ठी में आगे बताया कि सिसोदिया को तिहाड़ जेल के 9 नंबर वार्ड में रखा गया है, जो सबसे VVIP वार्ड है। इस वार्ड 9 में सुब्रतो राय सहारा, अमर सिंह, ए राजा, सुरेश कलमाडी, सजंय चंद्रा जैसे कैदियों को रखा गया था। सुकेश ने अपने पत्र में दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और आप के नेता सत्येंद्र जैन पर भी गंभीर आरोप लगते हुए कहा कि जेल-प्रशासन पूरी तरह आम आदमी पार्टी के हाथ की कठपुतली बन चुका है। सत्येंद्र जैन जेल कर्मचारियों पर नियंत्रण रखते हैं। बता दें कि सत्येंद्र जैन भी भ्रष्टाचार के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद है।
गौरतलब है कि आप नेता मनीष सिसोदिया को सीबीआई के बाद ईडी ने भी गिरफ्तार किया है। अदालत ने दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री को 7 दिनों की ईडी रिमांड में भेजा है। वहीं, सीबीआई की गिरफ्तारी के खिलाफ उनकी जमानत याचिका को सुनवाई के लिए 21 मार्च तक टाल दिया है।

