दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने बड़ा आरोप लगाया है। तिवारी ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि अरविंद केजरीवाल मनीष सिसोदिया को अपने रास्ते से हटाने के लिए साजिश रच रहे हैं। दिल्ली के शराब मंत्री और उपमुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद, भ्रष्टाचारियों में दहशत दिख रही है, शराब घोटाले के मास्टरमाइंड तक अब जांच पहुंच रही है, जिससे आम आदमी पार्टी में घबराहट है। वह जांच को प्रभावित करने के लिए दबाव बनाने की कोशिश कर रही है।
हत्या करवाने की रच रहे साजिश
दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आगे कहा कि सिसोदिया के पास मुख्यमंत्री व अन्य आप नेताओं के कई राज हैं। आशंका है कि सच छिपाने के लिए आप नेता पूर्व उप मुख्यमंत्री कि हत्या की साजिश रच रहे हैं। दिल्ली सरकार की जेल में यदि पूर्व उपमुख्यमंत्री की जान को खतरे की बात कही जा रही है तो यह गंभीर विषय है। इसे गंभीरता लेते हुए उनकी सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए।
तिवारी ने आगे कहा जो पहले अन्य भ्रष्टाचारियों के खिलाफ बोलते थे, आज अरविंद केजरीवाल उनको गले लगा रहे हैं। बता दें कि दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर आबकारी नीति में घोटाला का आरोप है। सिसोदिया अभी तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में है।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने सवाल उठाते हुए आगे कहा कि नौ विपक्षी नेताओं ने मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद पत्र लिखा। इनमें कौन हैं ? उन्होंने कहा कि एक तो खुद अरविंद केजरीवाल हैं बाकी लोग वो हैं जिनको अरविंद केजरीवाल गाली देते थे, लालू यादव के साथ फोटो आने पर केजरीवाल ने कहा था कि अचानक फोटो आ गई, अन्य लोग भी बड़े भ्रष्टाचारी हैं उन पर केस चल रहा है, सत्य की जीत होगी।
दोषी छूटे नहीं और निर्दोष को सजा हो नहीं
भाजपा नेता मनोज तिवारी ने पार्टी का रोल बताते हुए कहा कि भाजपा का रोल सिर्फ इतना है कि दोषी छूटे नहीं और निर्दोष को सजा हो नहीं, लेकिन नौ लोग मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ पत्र लिख रहे हैं। पूरा देश देख रहा है, भ्रष्टाचारियों तक जांच की आंच पहुंच रही है इसलिए सभी बचाने में लगे हैं, पत्र लिखने से कोई भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा।

