दिल्ली में इन दिनों जैसे सियासी फेरबदल चालू है। शराब घोटाले मामले में पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के इस्तीफे के बाद कैलाश गहलोत को सिसोदिया के 18 पदों में से आठ पद वित्त व योजना, लोक निर्माण विभाग, ऊर्जा, गृह, शहरी विकास, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण और जल विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं 10 विभाग राजकुमार आनंद को शिक्षा विभाग, भूमि और भवन, पर्यटन, कला, संस्कृति और भाषा, श्रम, रोजगार, स्वास्थ्य और उद्योग विभाग सौंपे गए हैं।
मनीष सिसोदिया से अब ED ने भी पूछताछ शुरू कर दी है और वहीं दिल्ली में सियासी उथल पुथल जारी है। सीएम केजरीवाल आज 9 मार्च को अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे और 2 नए मंत्रियो को शामिल करेंगे। शाम 4 बजे डॉ. सौरभ भारद्वाज और विधायक आतिशी मार्लेना मंत्री पद की शपथ लेंगे। अगर आतिशी मार्लेना मंत्री पद की शपथ लेती हैं तो वह केजरीवाल सरकार में मंत्री बनने वाली पहली महिला होंगी।
हालांकि बताते चले सौरभ भारद्वाज दिल्ली के ग्रेटर कैलाश विधानसभा से तीन बार लगातार विधायक रहें हैं। पहली बार साल 2013 में विधायक चुने गए थे और 49 दिन की केजरीवाल सरकार में 4 बड़े विभागों के मंत्री भी रहे। ट्रासंपोर्ट, फूड एंड स्पलाई, पर्यावरण और जीएडी विभाग इनकों सौंपा गया था। साल 2015 में भी सौरभ भारद्वाज विधायक चुने गए। साल 2020 में तीसरी बार विधायक चुने गए और 2022 में उन्हें दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष के रूप में चुना गया।
वहीं आतिशी मार्लेना 2019 में पूर्वी दिल्ली से बीजेपी उम्मीदवार गौतम गंभीर के खिलाफ आतिशी मार्लेना ने लोकसभा का चुनाव लड़ा था लेकिन जीत हासिल नहीं कर सकीं। 2020 के विधानसभा चुनाव में कालका जी विधानसभा से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। वहीं, केजरीवाल सरकार की ऐज्युकेशन पॉलिसी तैयार करने में आतीशी ने काफी अहम रोल निभाया था।

