राष्ट्रीय लोक जनता दल के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा इन दिनों बिहार में विरासत बचाओ नमन यात्रा पर हैं। इसकी शरुवात उन्होंने पश्चिमी चंपारण से की और अभी वह सारण के गरखा में है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री को सत्ता से बेदखल करने की बात कही। उन्होंने गरखा के जनता से अपील करते हुए कहा कि आप सबका साथ और सहयोग मिला तो नीतीश कुमार को 2025 का चुनाव नहीं जीतने दूंगा।
कुशवाहा ने मुख्यमंत्री पर आरोपों की बौछार करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के राजद के साथ गठबंधन करने से फिर 2005 के पहले वाले दिन याद आ रहे हैं। उन्होंने कहा 2005 के पहले औरतें घर से नहीं निकलती थीं। पुरुष शाम 6 बजे घर चले आते थे। लूट, डकैती, हत्या, रेप, अपहरण चरम सीमा पर थी। कुशवाहा ने कहा कि मैंने नीतीश कुमार को बहुत समझाया लेकिन उन्होंने बिहार को फिर दलदल में धकेल दिया। अब कुछ भी हो जाए आपलोगों से सहयोग से नीतीश कुमार को 2025 में बिहार की सत्ता में नहीं आने दूंगा।
जनता के वादे पर खरे नहीं उतरे
गरखा में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा मैं चाहता तो आराम से AC में सोया रहता लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया। मुझे उस जनता की फिक्र है, जिसने मुझे सत्ता तक पहुंचाया। नीतीश कुमार पर जनता ने भरोसा किया था, वह जनता के वादे पर खरे नहीं उतरे। इसलिए जनता उन्हें 2024 के लोकसभा और 2025 के विधानसभा चुनाव में जवाब देगी।

