बॉलीवुड कलाकार नवाजुद्दीन सिद्दीकी और उनकी पत्नी आलिया कई दिनों से सुर्ख़ियों में बने हुए है। इन दोनों के बीच का विवाद सोशल मीडिया से टीवी स्क्रीन तक छाया हुआ है। सिद्दीकी की पत्नी आलिया ने कुछ दिन पहले के वीडियो शेयर कर खलबली मचा दी थी। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें और उनके बच्चे को घर में नहीं घुसने दिया जा रहा है। इसके अलावा भी आलिया ने नवाजुद्दीन पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। अब तक खामोश रहे नवाजुद्दीन ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।
बता दें कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने ट्विटर पर पोस्ट कर कहा कि वो किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं लेकिन ये उनकी भावनाएं हैं जो वो अपने फैंस के सामने रख रहे हैं। अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए एक्टर ने इसके साथ अपना बयान भी अटैच किया है। जिसमें उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों और अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
नवाज ने तोड़ी चुप्पी
नवाज ने अब अपनी पोस्ट में लिखा है कि मेरे न बोलने को गलती समझना गलत है। अभी तक मुझे कई जगह गलत तरीके से पेश किया गया है। लोगों ने मेरे बारे में गलत धारणा बना ली है। अब समय आ गया है कि उन्हें बताया जाए कि वास्तविक स्थिति क्या है। मेरे बच्चे बहुत छोटे हैं, हां, मैं उनके लिए चीजों को शांत रखना चाहता हूं। आलिया और मैं लंबे समय से साथ नहीं रह रहे हैं। हम पहले ही तलाकशुदा हैं, लेकिन बच्चों की खातिर हम साथ रह रहे हैं। एक बात शायद आप नहीं जानते होंगे कि मेरे बच्चे इंडिया में क्यों हैं और वो दुबई में अपना स्कूल 45 दिनों से क्यों अटेंड नहीं कर रहे हैं। स्कूल से मुझे लेटर आ रहे हैं कि छुट्टी ज्यादा लंबी हो गई है। मेरे बच्चों को पिछले 45 दिनों से घर में बंदी बनाया गया है।
आलिया को हर माह 10 लाख दे रहें नवाज
बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने आगे बताया कि आलिया ने बच्चों को यहां बुलाने से पहले उन्हें दुबई में अकेला छोड़ दिया था, वो भी चार महीनों के लिए। अभिनेता ने कहा कि आलिया को लगभग 10 लाख महीना हर महीने पिछले दो साल से दिया जा रहा है। अभिनेता ने यह भी कहा कि कैसे उन्होंने आलिया को लग्जरी कारें दीं ताकि वह और उनके बच्चे आराम से यात्रा कर सकें, लेकिन उसने उन्हें अपने निजी खर्चों पर खर्च करने के लिए बेच दिया।
आलिया उनकी छवि को धूमिल कर रही
सिद्दीकी ने आगे बताया कि मैंने आलिया की तीन फिल्मो पर भी पैसा लगाया है, जिससे वो फाइनेंसियली सेट हो पाए। इन फिल्मों पर करोड़ों खर्च किये हैं। आर्थिक रूप से समर्थन करने के बावजूद आलिया उनकी छवि को धूमिल कर रही है। नवाज़ुद्दीन ने खुलासा किया कि उन्होंने आलिया और उनके बच्चों के लिए वर्सोवा में एक सी-फेसिंग अपार्टमेंट भी खरीदा है। इतना ही नहीं, नवाज ने यह भी लिखा कि उन्होंने आलिया और उनके बच्चों के लिए दुबई में एक लग्जरी अपार्टमेंट भी खरीदा है। नवाज़ के इन खुलासों के बाद आलिया की तरफ से कोई जवाब नहीं है।

