सीएम योगी ने आज गोरखपुर में बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत 20 महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित की इसके साथ संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की संवेदनशील सरकार सबका संबल बन रही है। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियान सरकार की इसी संवेदनशीलता के प्रयास हैं।
सीएम योगी सोमवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 82 लाभार्थियों को लैपटॉप गिफ्ट करने, मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन पुरस्कार राशि का चेक और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 20 महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित किया
इसके बाद समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी की देश के प्रति अब तक की सभी कोशिशों को गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सदी की सबसे बड़ी महामारी कोरोना के दौरान जिन बच्चों ने अपने माता पिता दोनों या इनमें से किसी एक को खोया था या कोरोना काल में जो बच्चे किसी अन्य बीमारियों से निराश्रित हुए थे, उन सभी के लिए पीएम मोदी की प्रेरणा से प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना शुरू की।
योजना के तहत ऐसे बच्चों को प्रतिमाह 4000 रुपये छात्रवृत्ति स्वरूप दिए जा रहे हैं। जबकि राज्य में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत चयनित बच्चों को प्रतिमाह 2500 रुपये दिए जा रहे हैं जिनके माता- पिता दोनों या किसी एक की मृत्यु कोरोना काल में किसी अन्य कारणों से हुई। इसी योजना में 9वीं या इससे ऊपर की कक्षाओं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने पेश किया कोरोना प्रबंधन का बेहतरीन मॉडल सीएम योगी ने कहा कि कोरोना ने पूरी दुनिया में बड़ी तबाही मचाई थी। कोई ऐसा देश नहीं जहां बड़ी संख्या में मौतें न हुई हों। इस संकट की परिस्थिति में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत ने पीएम मोदी के नेतृत्व में कोरोना प्रबंधन का बेहतरीन मॉडल पेश किया।
फ्री टेस्ट, फ्री उपचार, फ्री वैक्सीन और फ्री राशन की व्यवस्था की गई। आज भी देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है। 200 करोड़ से अधिक वैक्सीन की डोज मुफ्त दी गई। कोरोना काल के मुश्किल समय में डिजिटल लाइब्रेरी से बच्चे जुड़े। सीएम योगी ने कहा लैपटॉप मिलना डिजिटल दुनिया से संवाद बनाने का अच्छा अवसर है। उन्होंने बच्चों को डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़ने की नसीहत देते हुए कहा कि दुनिया ज्ञान का अथाह भंडार है। इससे ग्रहण स्थापित कर लिया जाए तो कुछ भी असंभव नहीं है।
बच्चों को प्रेरित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कोरोना की त्रासदी को भूलकर नई दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है। आपको 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद, 23 वर्ष होने तक पीएम केयर्स फंड से भी अच्छी धनराशि मिलेगी। उन्होंने कहा कि माता पिता की कमी कोई पूरा नहीं कर सकता लेकिन सरकार से मिलने वाली यह धनराशि आपके लिए संबल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पीएम मोदी का मंत्र है। इसी के तहत आज उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों, संस्थाओं और महिला मंगल दलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। गांव गांव में खेल के मैदान बनाए जा रहे हैं ताकि बेटियां भी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनें। इसमें महिला मंगल दल की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सरकार हर ग्राम पंचायत को स्पोर्ट्स किट देगी।
बालिकाओं को मुफ्त शिक्षा दे रही डबल इंजन सरकार मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बालिकाओं को मुफ्त शिक्षा दे रही है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में बालिका के जन्म से स्नातक स्तर की शिक्षा तक 15 हजार रुपये का पैकेज बनाया गया है। बालिका के विवाह योग्य होने पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 51 हजार रुपये दिए जाते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी को होली की बधाई देते हुए कहा कि होली का पावन पर्व वैरभाव भुलाकर उत्साह और उमंग से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हताशा और निराशा में कोई जीवन नहीं होता। बुराई त्याग कर हम जीवन में उत्साह और उमंग की तरफ बढ़ सकते हैं।
बच्चों से आत्मीय संवाद कर सीएम ने पूछा, कोई दिक्कत तो नहीं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप वितरण के दौरान सीएम योगी ने एक अभिभावक की तरह उनसे आत्मीय संवाद किया। पूछा, कोई दिक्कत तो नहीं। छात्रवृत्ति का पैसा मिलने में कोई समस्या तो नहीं आ रही। पढ़ाई कैसी चल रही है। बच्चों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि खूब पढ़िए और आगे बढिए। सरकार हर वक्त आपके साथ खड़ी है। उन्होंने अपने हाथों से 10 बच्चों को लैपटॉप, दो को प्रमाण पत्र, दो महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट, मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का चेक सौंपा। सभी को मिष्ठान भी दिया गया।

