एक बार फिर फ्लाइट में किसी के ऊपर पेशाब करने का शर्मनाक हरकत सामने आई है। न्यूयॉर्क से नई दिल्ली आ रहे अमेरिकन एयरलाइंस के विमान में एक यात्री ने नशे की हालत में एक सह-यात्री पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया।
घटना शुक्रवार को रात नौ बजकर 16 मिनट पर न्यूयॉर्क से उड़ान भरी थी और शनिवार रात 10 बजकर 12 मिनट पर यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। आईजीआई एयरपोर्ट के डीसीपी ने बताया कि हमें अमेरिकन एयरलाइन से एक व्यक्ति आर्य वोहरा के खिलाफ पेशाब करने की शिकायत मिली है, जो USA में एक छात्र है और डिफेंस कॉलोनी दिल्ली का निवासी है। हम आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।
फिलहाल जानकारी के मुताबिक वह नशे की हालत में था और उसने नींद में कपड़ों में ही पेशाब कर दिया जिससे बगल में बैठा हुआ यात्री भी गीला हो गया। इसके बाद यात्री ने चालक दल से शिकायत की। पीड़ित यात्री पुलिस से इस मामले की शिकायत नहीं करना चाहता था, क्योंकि आरोपी छात्र ने माफी मांग ली थी तथा शिकायत करने से उसका करियर खतरे में पड़ सकता था।
हालांकि, एयरलाइन ने इसे गंभीरता से लिया और आईजीआई एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी सूचना दी। विमान के उतरते ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। चालक दल को बोर्ड पर घटना के बारे में पता चलने के बाद, उन्होंने पायलट को सूचित किया जिसने मामले की सूचना एटीसी को दी, जिसने सीआईएसएफ कर्मियों को सतर्क कर दिया, जिन्होंने आरोपी यात्री को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया।
हवाईअड्डे पर एक अन्य सूत्र ने कहा कि घटना के पता चलने के बाद सीआईएसएफ के साथ एयरलाइन की अपनी सुरक्षा टीम हरकत में आई। विमान के उतरते ही आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज कर रही है।
बता दें ये कोई पहला मामला नहीं है जब लोग नशे की धुत में ऐसी शर्मनाक हरकत कर देते हैं। इससे पहले एअर इंडिया की फ्लाइट में महिला एक कंपनी के अधिकारी ने सहयात्री महिला पर पेशाब कर दी थी। बाद में मामले ने तूल पकड़ लिया और घटना के 42 दिन बाद आरोपी शंकर मिश्रा गिरफ्तार हुआ। इस घटना के बाद जहां कंपनी ने शंकर मिश्रा को नौकरी से निकाल दिया वहीं डीजीसीए ने उसकी विमान यात्रा करने पर 6 महीने का प्रतिबंध लगा दिया

