माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक और दुनिया में करोड़पति की लिस्ट में शुमार बिल गेट्स इन दिनों भारत के दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होनें पीएम मोदी से मुलाकात की और स्वास्थ्य क्षेत्र, जलवायु परिवर्तन, भारत की जी20 अध्यक्षता और कई जरूरी मुद्दों पर बातचीत की और भारत की तारीफ करते हुए कहा कि कैसे कोरोना के इतने बुरे समय में भी भारत इससे लड़ पाया और सस्ते और असरदार कोरोना का टीका बनाकर दुनियाभर के लोगों की जान बचाई। इसमें बहुत से कोरोना के टीके गेट्स फांउडेशन की तरफ से भी बांटे गए।
इसके साथ ही बिल गेट्स ने अपने ब्लॉग में लिखा- भारत ने कोरोना काल में पीएम मोदी ने डिजिट पेमेंट के जरिए 30 करोड़ लोगों के खाते में सरकार ने पैसे ट्रांसफर किए जिसमें से 20 करोड़ महिलाएं इस योजना का लाभ ले पाईं। इसके साथ ही भारत का डिजिटल आईडी आधार कार्ड ने देश की विकास की गति को और आगे बढ़ाया है। इसने डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
भारत में लॉन्च हुए G20 को लेकर बिल गेट्स ने कहा कि ये बाकी देशों के लिए एक सुनहरा मौका है कि वह देश के डिजिटल पेमेंट, डिजिटल आईडी (आधार) जैसी चीजों को बेहतर ढंग से सीख सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह भारत में स्वास्थ्य, विकास और जलवायु परिवर्तन के मामले में पहले से कहीं अधिक आशावादी हैं। देश आगे भी इसी तरह तरक्की की राह पर चलता रहेगा और दुनिया को नई तकनीक के बारे में जानकारी देता रहेगा।
इससे पहले बिल गेट्स ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘पोषण कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से श्रीअन्न खिचड़ी पकाने की विधि भी सीखी और तड़का भी लगाया और एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी किया। बिल गेट्स ने भारत के सुपर फूड और इसके पोषण घटक को समझा और तारीफ की। मौके पर उन्होंने पोषण 2.0 योजना के तहत काम करने वाले प्रशासकों से भी मुलाकात की, जो देश में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही हैं।
इस संबंध में बिल गेट्स ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘भारत डेटा और निगरानी पर ध्यान केंद्रित करने के साथ पोषण 2.0 के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के लिए स्वस्थ भविष्य की दिशा में मजबूती से प्रगति कर रहा है।’ उन्होंने कहा कि वे इस कार्यक्रम में दो अद्भुत प्रशासकों, एमी जोसेफ और लक्ष्मी प्रिया से भी मिले, जो पोषण परिणामों को बेहतर बनाने में मदद कर रही हैं।

