उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी होली, चैत्र नवरात्र, रामनवमी, शब-ए-बारात, रमजान, नवरोज़ आदि पर्व-त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था की समीक्षा की है। उन्होंने पुलिस अधिकारीयों को सख्त निर्देश दिए कि पर्व -त्योहारों पर माहौल ख़राब करने वाले आराजक तत्वों से सख्ती से निपटा जाए। साथ ही उन्होंने यह भी हिदायत देते हुए कहा है कि होली पर अश्लील और फूहड़ गीत नहीं बजना चाहिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आस्था का सम्मान किया जाए और अराजकता पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
होली में अश्लील/फूहड़ गीत न बजे
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारीयों के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि शोभायात्रा/जुलूस में ऐसी कोई भी गतिविधि न हो जो दूसरे सम्प्रदाय के लोगों को उत्तेजित करे। उन्होंने कहा कि होली में अश्लील/फूहड़ गीत न बजे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई घटना छोटी नहीं, सूचना मिलते ही तत्काल वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचें। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्व-त्योहारों पर अफवाह से सावधान रहें। प्रशासनिक अधिकारी धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजन से संवाद करें।
पुलिस बल फुट पेट्रोलिंग जरूर करे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी पर्व को लेकर अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि “होली के मौके पर कतिपय शरारती तत्व दूसरे सम्प्रदाय के लोगों को अनावश्यक उत्तेजित करने की कुत्सित कोशिश कर सकते हैं, ऐसे मामलों पर नजर रखें। संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए. पुलिस बल फुट पेट्रोलिंग जरूर करे. पीआरवी 112 एक्टिव रहे. सोशल मीडिया को लेकर अलर्ट रहें।

