डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की पैरोल आज पूरी हो गई है । हरियाणा और बागपत पुलिस भारी सुरक्षा के साथ उन्हें बागपत के बरनावा आश्रम से लेकर रवाना हो चुकी हैं। चूंकि पैरोल पूरा होने पर राम रहीम आज हरियाणा की सुनेरिया जेल में सरेंडर करेंगे।
उल्लेखनीय है कि रेप के मामले में सजा काट रहे राम रहीम को कोर्ट से 40 दिन का पैरोल मिला था। जिसके बाद वह बागपत के बरनावा आश्रम में रह रहा था। आश्रम में 40 दिन बिताने के बाद आज राम रहीम का पैरोल पूरा हो गया है। और पुलिस उन्हें लेकर सुनेरिया जेल के लिए रवाना हो गई है।
राम रहीम को पुलिस सुरक्षा के बीच जेल लाया जाएगा। राम रहीम को ये परोल सतनाम शाह की जयंती मनाए जाने को लेकर मिली थी। बताते चले कि राम रहीम को बार बार परोल मिलने से हरियाणा सरकार पर सवाल उठ रहे हैं। हरियाणा सरकार ने अपने जवाब में कहा है कि राम रहीम को हत्याओं के सह-अभियुक्तों के साथ आपराधिक साजिश रचने के लिए दोषी ठहराया गया है। गुरमीत को रेप के केस में 10-10 साल की सजा हुई है।
इतना ही नहीं गुरमीत पर चार और आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामले में सीबीआई जांच कर रही है, जबकि बेअदबी के तीन मामले पंजाब में दर्ज हैं।

