भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत खेले जा रहे सीरीज का तीसरा मुकाबला ऑस्ट्रेलिया ने जीत लिया है। इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में भारत को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को 09 विकेट के भारी अंतर से हराया है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के लिए बिछाए अपने ही जाल में फस गयी और ऑस्ट्रेलियाई स्पिनरों के सामने घुटने तक दी। यह मुकाबला महज सवा दो दिन में ही खत्म हो गया है। ऑस्ट्रेलिया को जीतने के लिए मैच के तीसरे दिन केवल 76 रन बनाने थे, जो उसने दिन के पहले सेशन में ही हासिल कर लिया।
बता दें कि तीसरे दिन 76 रन के टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही थी। ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन के पहले ओवर में ही उस्मान ख्वाजा (0) का विकेट गंवा दिया था. इसके बाद उम्मीद जगी थी कि भारतीय टीम आसानी से ऑस्ट्रेलिया को यह टारगेट हासिल नहीं करने देगी, लेकिन बाद में कंगारू बल्लेबाजों ने पहले बेहद संभलकर बल्लेबाजी की और फिर ताबड़तोड़ अंदाज में रन बनाए। ट्रेविस हेड (49) और मार्नस लाबुशेन (28) के बीच हुई 78 रन की साझेदारी ने ऑस्ट्रेलिया की राह आसान कर दी।
ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में
गौरतलब है कि इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया का मामला फंस गया है। ऑस्ट्रेलिया की टीम टेबल में नंबर-1 पर तो भारतीय टीम दूसरे नंबर पर है। तीसरे नंबर पर काबिज श्रीलंका की टीम भी फाइनल की रेस में है। अब भारत को सीरीज का अंतिम मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। भारत अगर ऑस्ट्रेलिया को अंतिम मुकाबले में हरा देता है तो फाइनल में जगह बना लेगा। अगर भारत अंतिम मुकाबला ड्रा या हार जाता है तो फिर श्रीलंका – न्यूजीलैंड सीरीज का इंतजार करना पड़ेगा। उसक परिणाम ही निर्धारित करेगा कि कौन फाइनल खेलेगा।

