राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। वे सातवें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मू आज दोपहर 12:20 बजे प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में इस सम्मेलन का शुभारंभ करेंगी। यह सम्मेलन तीन दिनों तक चलेगी। इसका समापन 05 मार्च को होगा।
15 देशों से 350 विद्वान होंगे शामिल
सम्मेलन की विषय वस्तु नए युग में मानववाद के सिद्धांत पर केंद्रित है। सम्मेलन में 15 देशों से 350 से अधिक विद्वान शामिल हो रहे हैं। इसमें भूटान, मंगोलिया, श्रीलंका, इंडोनेशिया, थाइलैंड, वियतनाम, नेपाल, दक्षिण कोरिया, मॉरिशस, रूस, स्पेन, फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन की सहभागिता रहेगी। चार मुख्य सत्रों में “नए युग में मानववाद का सिद्धांत” पर केंद्रित 115 शोध-पत्र पढ़े जाएंगे।
इस मौके पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर और सांची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी।
उद्घाटन-सत्र के अतिरिक्त एक अनूठा मंत्री सत्र
बता दें कि पहले दिन उद्घाटन-सत्र के अतिरिक्त एक अनूठा मंत्री सत्र भी होगा। इसमें पांच देशों के मंत्री सांस्कृतिक सामंजस्य और विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। इस सत्र में भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल और भारत के मंत्री शामिल होंगे।
कीनोट-सत्र में राम जन्म-भूमि न्यास के सचिव स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज, श्रीलंका के प्रो. कोटापितिये राहुल अनुष्का थेरो और स्वामीनारायण शोध संस्थान अक्षरधाम के महोमुखोपाध्याय साधु भद्रेश दास अपने विचार व्यक्त करेंगे।
मुख्य सत्र में अमेरिका से प्रो. डेविड फ्रॉले, ब्रिटेन के डॉ. इयान बेकर, दक्षिण कोरिया के प्रो. जियो ल्योंग ली, थाइलैंड से डॉ. सुपची वीरपुचांग, चिन्मय मिशन के स्वामी मित्रानंद और पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के चासंलर प्रो. जगबीर सिंह मौजूद रहेंगे।

