भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तहत 4 टेस्ट मैचों की श्रृंखला का तीसरा मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। मैच का पहला दिन मेहमान टीम के नाम रहा। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में चार विकेट के नुकसान पर 156 रन बना लिए हैं। भारत ने पहली पारी में महज 109 रन बनाए थे।ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मैच में अब तक 47 रन की बढ़त ले चुकी है। मैच के दूसरे दिन भारत चाहेगा की ऑस्ट्रेलियाई पारी को जल्द से जल्द खत्म करे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया टीम पहली पारी में ही बड़ी बढ़त लेकर मैच में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहेगी।
भारत की पहली पारी 109 रन पर सिमटी
बता दें कि आज सुबह भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज के तौर पर कप्तान रोहित और इस मैच में राहुल के जगह खेल रहे गिल मैदान पर उतरे। लेकिन यह जोड़ी कुछ खास नहीं कर पाई। कप्तान रोहित बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में 12 रन के स्कोर पर स्टंप आउट हो गए। इनदोनो के बीच महज 27 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई। गिल 21, पुजारा एक और कोहली 22 रन बनाकर आउट हुए।
श्रेयस इस मैच में भी फ्लॉप साबित हुए और बिना खाता खोले आउट हो गए। भरत ने 17 और अक्षर ने 12 रन की पारी खेल भारत को थोड़ी बेहतर स्थिति में पहुंचाया। अश्विन तीन रन बनाकर आउट हुए और उमेश ने 17 रन की पारी खेल भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। सिराज शून्य पर रन आउट हो गए और भारतीय पारी 109 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कुहेनमैन ने 05 विकेट, नाथन लियोन ने 03 विकेट और मर्फी ने 01 विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया मजबूत स्थिति में
इसके जवाब में उतरी ऑस्ट्रेलिया का भी पहला विकेट जल्दी ही गिर गया था। जब ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 12 रन था तभी रवींद्र जडेजा ने ट्रेविस हेड को पगबाधा कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। हालांकि, इसके बाद ख्वाजा और लाबुशेन ने 96 रन की मजबूत साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को मैच में काफी आगे कर दिया। लाबुशेन 31 और ख्वाजा 60 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान स्मिथ ने 26 रन बनाए। पीटर हैंड्सकॉम्ब सात और कैमरून ग्रीन छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के सभी चार विकेट रवींद्र जडेजा ने लिए।

