देश के पूर्वोत्तर राज्य नागालैंड में सोमवार को विधानसभा का चुनाव संपन्न हुआ लेकिन पर्यवेक्षकों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर भारत निर्वाचन आयोग ने 04 मतदान केंद्रों का मतदान रद्द कर दिया और दोबारा चुनाव कराने का आदेश दिया है। रद्द किए गए मतदान केंद्रों पर आज पुनः मतदान कराया जा रहा है।
बता दें कि भारत निर्वाचन आयोग के आदेश के अनुसार बुधवार की सुबह 7 से शाम 4 बजे तक चार मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान कराए जा रहे हैं। ईसीआई ने मंगलवार को नगालैंड में चार विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव के लिए पुनर्मतदान की अधिसूचना जारी की थी। ईसीआई के अवर सचिव सुरेंद्र सिंह ने सूचित किया कि सामान्य पर्यवेक्षकों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर और सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए चार विधानसभा क्षेत्रों में पुनर्मतदान आवश्यक था।
आयोग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58 की उप-धारा (2) के तहत इन मतदान केंद्रों पर सोमवार को हुए मतदान को रद्द घोषित किया था। ईसीआई ने 1 मार्च को पुनर्मतदान की तिथि निर्धारित की थी। मतदान सुबह 07.00 से अपराह्न 04.00 बजे तक निर्धारित किया था। चार विधानसभा क्षेत्रों में मुख्य रूप से 35-जुन्हेबोटो (9-न्यू कॉलोनी दक्षिण/पश्चिम), 39-सानिस (9-पंगती वी), 41-तिजित (7- जाबोका गांव), 57-थोकोकन्यू (3-पथसो ईस्ट विंग) शामिल हैं। मतगणना 2 मार्च को की जाएगी।

