रोजी रोटी कमाने और बेहतर जीवन यापन के लिए लोग अपने राज्यों से पलायन कर राजधानी दिल्ली की ओर रूख करते है। इसके अलावा भारी संख्या में छात्र भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दिल्ली आते हैं लेकिन अगर कोई खास पर्व त्यौहार हो तब इस मौके पर भारी तादाद में लोग अपने घर जाते है। ट्रेनों में सीटें समय से पहले खत्म हो जाती है। लोग वेटिंग टिकट लेने के लिए इंतजार करते है लेकिन इंतजार के बाद भी सभी लोगों को सीटें नहीं मिल पाती है। लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करता पड़ता है।
2065 अतिरिक्त बसें चलाने की योजना
इस बार होली जैसे प्रमुख त्यौहार के अवसर पर उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने विशेष तैयारी की है। यात्रियों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए यूपी रोड वेज बसों की संख्या बढ़ा दी गयी है। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के जनसंपर्क अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि होली त्योहार को देखते हुए परिवहन निगम अतिरिक्त बस सेवायें उपलब्ध करायेगा और इस वर्ष होली पर्व पर 2065 अतिरिक्त बसें चलाने की योजना बनाई गई है। जरूरत पड़ने पर बसों की संख्या और बढ़ाई भी जा सकती है। अजीत सिंह ने आगे जानकारी साझा करते हुए बताया कि, यूपीएसआरटीसी के पास कुल 8329 बसे हैं जहां 3 हज़ार बसें अनुबंधित भी है ऐसे में जहां जरूरत होगी वहां आवश्यकतानसार गाड़ियों को पब्लिक के लिए बढ़ा दिया जाएगा।
3 मार्च से नोएडा से बसों का संचालन
बता दें कि होली के खास त्यौहार पर उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। नोएडा के बस स्टैंड से लखनऊ, कानपुर, बदायूं, आगरा, मैनपुरी,अलीगढ़, बुलंदशहर, मेरठ, सहारनपुर और आगरा आदि रूटों के लिए बसों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। इसके अलावा अन्य राज्यों व जगहों के लिए अगर आवश्यकता होती है तो उनके लिए भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। होली का त्यौहार नजदीक आते ही 3 मार्च से नोएडा से अन्य रूटों पर चलने वाली बसों का संचालन 24 घंटे होगा।

