बीएसपी विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या के बाद आरोपियों की खोजबीन और धड़पकड़ तेज हो गई है। यूपी पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए काफी सक्रिय तरीके से छानबीन कर रही है। इस बीच उमेश पाल हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता सदाकत खान का एक फोटो वायरल हो रहा है। जो काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। उसका यह फोटो समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ वायरल हो रहा है। फोटो में साफतौर पर सदाकत खान अखिलेश यादव से हाथ मिलाते हुए दिखाई दे रहा है।
बता दें कि सदाकत खान की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया में यह फोटो अब वायरल हो रही है। इसके अलावा सदाकत के भाजपा नेता उदयभान करवरिया के साथ एक फोटो भी वायरल हो रही है। अब इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। दोनों दल एक दूसरे पर आरोप मढ़ रही है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सफाई देते हुए कहा कि किसी की तस्वीर किसी के साथ वायरल हो सकती है। अभी कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री के साथ मेरी तस्वीर वायरल हुई थी।
इधर सदाकत का भाजपा नेता उदयभान करवरिया के साथ फोटो वायरल होने पर सपा ने भाजपा पर पलटवार किया है। सपा ने कहा कि सदाकत वर्तमान में भाजपा का सदस्य था जिसकी फोटो सपा के साथ जोड़ी जा रही। उदयभान करवरिया के साथ सदाकत की फोटो भाजपा के साथ इस घटनाक्रम का कनेक्शन बताती हैं।

