दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा के पदगामपोरा में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। गोलीबारी में दो जवान घायल हुए हैं। सेना ने घायल जवानों को अस्पताल पहुंचा दिया है। मुठभेड़ अभी चल रही है। माना जा रहा है दो-तीन आतंकवादियों को सुरक्षाबलों ने घेर लिया है।
बता दें कि यह मुठभेड़ पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम के आतंकियों की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान के दौरान शुरू हुई। यहां छिपे आतंकियों ने घिर जाने पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। बताया यह जा रहा है कि मुठभेड़ में ढेर आतंकवादी वही आतंकवादी है जिसने पुलवामा में कश्मीरी पंडित की हत्या को अंजाम दिया था।
एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि मारे गए आतंकवादी की पहचान पुलवामा के आकिब मुस्ताक भट के रूप में हुई है। उसने शुरुआत में हिजबुल मुजाहिदीन उग्रवादी संगठन के लिए काम किया। अभी वह टीआरएफ आतंकी संगठन के साथ काम कर रहा था। एडीजीपी ने बताया कि आतंकी आकिब दिवंगत संजय शर्मा की हत्या में शामिल था। उधर, अवंतीपोरा मुठभेड़ में दो जवान भी घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया है।

