दिल्ली आबकारी मामले को लेकर सीबीआई डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से पूछताछ कर रही है, वहीं भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं। बीजेपी का कहना है कि आप ने करप्शन को इवेंट मैनेजमेंट में बदल दिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा भ्रष्टाचार को इवेंट मैनेजमेंट में बदलने से उन्हें भ्रष्टाचार छिपाने में मदद नहीं मिलेगी। AAP ने शराब नीति घोटाले पर कोई जवाब नहीं दिया है, जिससे साफ पता चलता है कि ये सच छिपाने में लगे हैं।” संबित पात्रा ने कहा कि उन्हें सीबीआई को जवाब देना चाहिए, इवेंट मैनेजमेंट की जरूरत नहीं है।
संबित पात्रा ने सवाल पूछते हुए कहा “आपने अपने मित्रों का 144 करोड़ रुपया क्यों माफ किया। अगर आबकारी नीति इतनी अच्छी थी, तो इसे वापस क्यों लिया गया? इन सवालों का कोई उत्तर मनीष सिसोदिया जी ने या आम आदमी पार्टी ने नहीं दिया है। ये कभी भारतीय जनता पार्टी को गाली देते हैं और कभी हमारे नेताओं को, आम आदमी पार्टी जश्न-ए-भ्रष्टाचार में लगी हुई है और इवेंट मैनेजमेंट के रूप में काम करी रही है।”
दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता हरीश खुराना ने भी मनीष सिसोदिया को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा, “मनीष सिसोदिया जी, भगत सिंह जेल गए थे देश को आजाद करवाने और आप जाओगे (अगर आज गए तो) भ्रष्टाचार के मामले में। इसलिए भगत सिंह जी का नाम मत लीजिए। अगर आपने कुछ नहीं किया तो घबराइए मत, लेकिन आपका डर बता रहा है कुछ गडबड़ है।”
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आज सीबीआई के समक्ष दिल्ली शराब नीति मामले में पेश हुए हैं. इस दौरान सीबीआई दफ्तर के बाद आम आदमी पार्टी के समर्थकों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई है, जिसके चलते धारा-144 लागू कर दिया गया है। आप को आशंका है कि मनीष सिसोदिया को सीबीआई गिरफ्तार कर सकती है।
भगवान आपके साथ है मनीष। लाखों बच्चों और उनके पेरेंट्स की दुआयें आपके साथ हैं। जब आप देश और समाज के लिए जेल जाते हैं तो जेल जाना दूषण नहीं, भूषण होता है। प्रभू से कामना करता हूँ कि आप जल्द जेल से लौटें। दिल्ली के बच्चे, पैरेंट्स और हम सब आपका इंतज़ार करेंगे। https://t.co/h8VrIIYRTz
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) February 26, 2023
वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘जब सिसोदिया जेल से बाहर आएंगे तो पूरी पार्टी उनका स्वागत करेगी।’ अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा, ‘मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि आप जल्द जेल से बाहर आएं, हम, माता-पिता, बच्चे और दिल्लीवासी आपका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’ अरविंद केजरीवाल ने सिलसिलेवार कई ट्वीट किये हैं।

