प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड को लेकर बवाल मचा हुआ है। पुलिस सभी शूटर्स को धरदबोचने में लगी हुई है। इस मामले को लेकर राजधानी लखनऊ की एसटीएफ टीम ने भी प्रयागराज में डेरा डाल लिया है। एसटीएफ की टीम के साथ लखनऊ के 2 उप पुलिस अधीक्षकों को भी प्रयागराज में भेजा गया है।
जांच में पता लगा है कि 7 में से 2 अपराधी अतीक अहमद गैंग के हैं। वहीं उमेश पाल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आ गई है रिपोर्ट से पता लगा है कि अपराधियों ने 7 बार गोलियां चलाईं जिनमें से 6 गोलियां उमेश को लगीं और एक गोली उनके बॉडीगार्ड को लगी थी। उमेश पाल की रिपोर्ट में शरीर में कुल 13 इंजरी की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए खुलासे से पता चला कि सभी गोलियां पिस्टल से ही मारी गई थीं।
वहीं इस जघन्य अपराध पर प्रयागराज पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मैं प्रदेश की जनता से वादा करता हूं जो भी इस जघन्य अपराध में शामिल हैं हम उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे। इस घटना में उमेश पाल के एक बॉडीगार्ड की तो मौत हो गई दूसरे बॉडीगर्ड का इलाज चल रहा है। दूसरे सुरक्षाकर्मी की हालत भी काफी गंभीर बनी हुई है।
इस मुकदमे में माफिया अतीक अहमद माफिया की पत्नी शाइस्ता परवीन, 2 बेटे और माफिया का भाई अशरफ साजिशकर्ता के रूप में नामजद हैं। इसके अलावा, माफिया अतीक अहमद के 2 अन्य साथियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
उमेश हत्याकांड में प्रयागराज पुलिस की 10 टीमें अपराधियों की तलाश में और कठोरतम कार्रवाई करने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही हैं और पूछताछ कर रही हैं।” वहीं शनिवार को पोस्टमार्टम हो जाने के बाद जब उमेश पाल का शव उसके घर पहुंचा तो जमकर बवाल हुआ, भीड़ इक्ट्ठी हो गई और जमकर पुलिस और सरकार को घेरा गया। शाम को कड़ी सुरक्षा के बीच उमेश का अंतिम संस्कार दारागंज घाट पर कर दिया गया।
वहीं दिवंगत राजू पाल की पत्नी भी उमेश के घर वालों को सांत्वना देने पहुंची लेकिन घरवालों और उनके बीच काफी तीखी बहस हो गई लेकिन लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराया। बता दें पूजा पाल उमेश पाल की बहन बताईं जा रहीं है कुछ पारिवारिक विवादों को लेकर फिर से शनिवार को तीखी नोकझोंक हुई।
दरअसल पूरा मामला ये है कि पूजा पाल एक बार उमेश पाल के घर पहुंची थी तो उन्होनें वहां अतीक अहमद के गुर्गे मौजूद देखे थे जिसके बाद से ही मनमुटाव शुरू हो गया था। उमेश पाल की हत्या के बाद सपा से विधायक पूजा पाल को भी अब अपनी जान का खतरा है ऐसा उन्होनें खुद कहा और सीएम योगी से सुरक्षा बढ़ाने का निवेदन किया है और साथ ही उमेश पाल की हत्या करने वाले सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई करने का भी निवेदन किया है।

