कांग्रेस का 85वां महाअधिवेशन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित की जा रही है। आज अधिवेशन का दूसरा दिन है। आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे ने ध्वजारोहण कर सत्र की शुरुआत की। ध्वजारोहण के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता व पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बता दें कि आज के सत्र को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे व पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी संबोधित करेंगी।
खड़गे ने कल अपने बयान में कहा था कि इस महाधिवेशन में देश भर से आए लोग अपना सुझाव दे रहे हैं। कांग्रेस का यह महाधिवेशन एक मील का पत्थर साबित होगा। इससे देश भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एक नई उर्जा आएगी।
क्या है कांग्रेस का 85वां पूर्ण अधिवेशन
इस अधिवेशन को ‘हाथ से जोड़ो हाथ’ नाम दिया गया है. कार्यसमिति के चुनाव होंगे या नहीं, ये तय करने के लिए कांग्रेस का 85वां पूर्ण अधिवेशन आयोजित किया जा रहा है। राहुल गांधी पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में सीडब्ल्यूसी के चुनाव कराने की मांग पार्टी के अंदर से उठती रही है।
लोकसभा चुनाव के लिहाज से यह अधिवेशन अहम
यह अधिवेशन काफी अहम है क्योंकि 26 साल बाद CWC के चुनाव होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के अलावा अभी छह राज्यों भी चुनाव होने हैं। इनमें राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना जैसे राज्य कांग्रेस के लिहाज से बेहद अहम हैं। इस अधिवेशन में चुनाव का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

