अगले साल यानी 2024 में लोकसभा का चुनाव होना है। इसमें अभी वक्त है लेकिन इसको लेकर अभी से ही सियासत तेज हो गयी हैं। देश भर के सभी राजनीतिक दल लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। खासतौर पर राजनीतिक रूप से सक्रीय राज्य बिहार में इसकी धमक ज्यादा सुनाई दे रही है। आज बिहार में दो राजनीतिक धुरंधरों की रैली है। एक तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिमी चंपारण और पटना में रैली को सम्बोधित करेंगे तो वही दूसरी तरफ प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्णिया से हुंकार भरेंगे। बता दें कि नीतीश कुमार के छोड़ जाने के बाद भाजपा बिहार में अपना जनाधार बढ़ाने में लगी है तो वही नीतीश कुमार महागठबंधन की तरफ से चुनौतियाँ पेश कर रहे है।
गह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम
गृहमंत्री अमित शाह आज सबसे पहले बिहार के पश्चिमी चंपारण जिला के वाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे। वैसे तो यह क्षेत्र भाजपा का गढ़ माना जाता है लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में यह सीट जदयू के खाते में चली गयी थी। इसके बाद अमित शाह राजधानी पटना में किसानों की एक सभा को भी संबोधित करेंगे। करीब चार महीने से अधिक समय के बाद बिहार का दौरा कर रहे गृहमंत्री शाह का कार्यक्रम तख्त हरमंदिर पटना साहिब जाने का भी कार्यक्रम है।
महागठबंधन की रैली से जवाब देंगे नीतीश और तेजस्वी
वहीं, वाल्मीकि नगर से करीबन 400 किलोमीटर दूर पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में महागठबंधन की रैली भी होनी है जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समेत महगठबंधन के अन्य सहयोगी कांग्रेस और वाम दल के नेता भी शामिल होंगे। गौरतलब है कि पूर्णिया मुस्लिम बहुल इलाके के केंद्र में है। जहां महागठबंधन अपनी ताकत बढ़ाने में लगा है। इस रैली से महागठबंधन भाजपा को अपनी ताकत दिखाएगा।
महागठबंधन की ये है तैयारी
बता दें कि कई मंत्री पिछले 5 दिनों से पूर्णिया में कैंप कर रहे हैं। इधर, रंगभूमि मैदान से लेकर पूरे पूर्णिया शहर को पोस्टर और बैनर से पाट दिया गया है। हालांकि, कई बड़े-बड़े पोस्टर से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की तस्वीर गायब दिखी है। महागठबंधन के कई दिग्गज नेता करीब 5 दिनों से पूर्णिया में जमे हुए हैं। जानकार इसे महागठबंधन का शक्ति प्रदर्शन कह रहे। JDU-RJD-कांग्रेस-वाम दल और HAM के बड़े-बड़े नेता और कार्यकर्ता महारैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत लगा रहे।

