मध्यप्रदेश के सतना जिला में आज माता शबरी की जयंती पर आयोजित कोल जनजाति के महाकुंभ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल हुए। जहाँ उनका भव्य स्वागत किया गया। समाज की 51 बेटियों ने गृह मंत्री को फूल देकर उनकी आगवानी की। अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीप जलाकर महाकुंभ का शुभारंभ किया। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंच से 50,699 लाख रुपये की लागत के 17 विकास कार्यों का शिलान्यास और 2,565 लाख रुपये लागत के 18 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की शिवराज सरकार की उपलब्धियां गिनाए और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में कभी जनजाति समाज से किसी को राष्ट्रपति नहीं बनाया, लेकिन नरेन्द्र भाई ने गरीब आदिवासी की बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बना कर जनजाति समाज का सम्मान बढ़ाया है।
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मां शबरी विश्व का कल्याण करने वाली मां हैं। मैं तीसरी बार मां शारदा की धरती पर आया हूं, जब भी आया, तब नई ऊर्जा लेकर गया हूं। आप भाग्यशाली हैं कि आप उनके सानिध्य में रहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज की तारीफ की और उन्हें गरीबों के हितैषी और प्रदेश का लोकप्रिय मुख्यमंत्री कहा। उन्होंने कहा कि मैं शिवराज सिंह और भाजपा सरकार को धन्यवाद देता हूं, क्योंकि उन्होंने आपकी सारी जरूरतें पूरी की हैं। जब जबलपुर आया था, तब शिवराज ने 14 घोषणाएं की थीं। मुझे लगा था कि मेरी उपस्थिति में शिवराज जी घोषणाएं कर रहे हैं। यदि पूरी नहीं हुई तो आदिवासी भाई-बहन मुझे पकड़ेंगे। आज शिवराज ने उन्हें पूरा कर हिसाब दे दिया। यही भाजपा की विशेषता है।
5 किलो मुफ्त अनाज ढाई साल से दिया जा रहा
शाह ने कहा कि जब आपने 2014 में मोदी की सरकार पहली बार बनाई, तब मोदी जी ने कहा था कि ये सरकार आदिवासियों, पिछड़ों और गरीबों की सरकार है। आज 9 साल बाद जब पीछे मुड़कर देखते हैं तो पता चलता है कि एक- एक बात को पूरा कर जमीन पर उतारने का काम किया गया है। मोदी सरकार ने देश में 10 करोड़ शौचालय बनवाए। सबसे अधिक शौचालय जनजाति भाइयों के घर में बने। मोदी जी ने कोरोना का टीका दिलाया और पूरे भारत को कोरोना से सुरक्षित किया। पांच लाख तक का स्वास्थ्य बीमा करवाया। हर गरीब के घर में 5 किलो मुफ्त अनाज ढाई साल से दिया जा रहा है। देश के 80 करोड़ लोगों को राशन मिल रहा है।
कमल के निशान पर बटन दबाना
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में थोड़े समय के लिए पंजे की सरकार आई थी, उसने जनजातियों के लिए बनाई योजनाओं को बंद कर दिया। लेकिन उनकी सरकार गिर गई तो शिवराज ने फिर योजनाएं शुरू की। मोदी और शिवराज के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनी और चल रही है। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष में चुनाव आने वाले हैं, फिर से भाजपा की सरकार बनाना है। कमल के निशान पर बटन दबाना और मोदी जी के हाथ मजबूत करना है।

