दिल्ली में कल से बुक फेयर शुरू होने जा रहा है। आज इस बुक फेयर को लेकर आयोजकों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि इस बार का बुक फेयर कुछ अलग हटके होगा, क्योंकि पहली बार एक मंच पर भारत और फ्रांस एक साथ दिखाई देंगे। इस बुक फेयर में इस बार G20 देशों के भी स्टॉल नजर आएंगे। आयोजकों का कहना है कि इस बार 2000 से भी ज्यादा प्रकाशक इसमें भाग लेने जा रहें हैं।
इस साल के महोत्सव का उद्घाटन 25 फरवरी को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, फ्रांस के राजदूत इमैनुएल लेनैन और एनबीटी के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद शर्मा द्वारा किया जाएगा। बता दें , जनवरी 2020 में आखिरी बार बुक शो का आयोजन किया गया था इसके बाद दो साल कोरोना के कारण बुक शो को ऑनलाइन किया गया।
आजादी का अमृत महोत्सव’ की थीम पर आधारित इस पुस्तक मेले में नोबेल पुरस्कार विजेता एनी एर्नॉक्स सहित 16 फ्रांसीसी लेखकों और 60 से अधिक प्रकाशकों साहित्यिक एजेंटों और सांस्कृतिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। बुक शो का टाइमिंग सुबह 11 से रात 8 बजे तक का रेहगा।
अब बात करते हैं कि कितने पैसों में आप बुक फेयर में आ सकते हैं, बच्चों के लिए 10 रुपये, बड़ों के लिए 20 रुपये तय किए गए हैं। वहीं स्कूली बच्चों और दिव्यागों के लिए इस बुक फेयर में एंट्री फ्री होगी। नौ दिवसीय साहित्यिक कार्यक्रम में 50 से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे ओपन माइक, सेना और पुलिस बैंड द्वारा प्रदर्शन, टॉक शो और लोक प्रदर्शन शामिल होंगे।
नेशनल बुक ट्रस्ट के डायरेक्टर युवराज मलिक ने बताया कि अश्विन सांघी, विक्रम संपत, प्रीति शेनॉय और आनंद नीलकांतन सहित प्रसिद्ध लेखक बुक फेयर में संवाद, पैनल चर्चा और पुस्तक विमोचन में भाग लेंगे।

