खालिस्तान समर्थक संगठन वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह के करीबी साथी तूफान सिंह की रिहाई की मांग को लेकर पंजाब में स्थिति तनावपूर्ण हो गयी है। तूफान सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में उसके समर्थक सड़कों पर उतर आए है। हजारों की संख्या में आक्रोशित लोगों ने बंदूक, तलवार और लाठियां लेकर अमृतसर में थाना घेर लिया है। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की लेकिन आक्रोशित लोगों ने उसे तोड़कर थाने के अंदर घुस गए और खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। पुलिस और समर्थकों के बीच हिंसक झड़प भी हुई है। समर्थकों ने तलवार भी चलाई, जिसके चलते पुलिसकर्मी घायल हो गए।
6 जिलों की पुलिस फोर्स तैनात
बता दें कि अमृतपाल ने ही अपने समर्थकों से गुरुवार सुबह 11 बजे अजनाला पहुंचने के लिए कहा था। इसके बाद यहां भीड़ एकत्रित होना शुरू हो गई। अजनाला के बस स्टैंड पर उनके समर्थक इकट्ठा हो रहे हैं। पुलिस ने उनके समर्थकों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग भी कर दी है। इस प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। करीब छह जिलों से भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। इलाके में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है और उसकी अगुवाई एसएसपी खुद कर रहे हैं।
एक घंटे का अल्टीमेटम
वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह थाना अजनाला पहुंचकर पुलिस को तूफान सिंह को छोड़ने के लिए एक घंटे का अल्टीमेटम दिया है और अपने समर्थको को थाने के बाहर ही डटे रहने को कहा है। अमृतपाल सिंह ने आगे कहा कि राजनीतिक कारणों से FIR दर्ज की गई है। यदि वे एक घंटे में मामले को रद्द नहीं करते हैं, तो आगे जो कुछ भी होगा उसके लिए हम जिम्मेदार नहीं होंगे। अमृतपाल ने संबोधन करके संगत को शांत रहने के लिए कहा है। उसका कहना है कि अब यहीं अमृत संचार होगा और वहीर भी। बाहर से संगत और आ रही है। वहीं पंजाब सरकार को भी चेतावनी दे दी है कि अपने साथी तूफान को साथ लेकर ही जाएंगे।

