बंगाल टाइगर के नाम से मशहूर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली के ऊपर फिल्म बनने जा रही है। इस फिल्म में दादा यानी गंगुली का किरदार बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर निभाएंगे। सूत्रों के जानकरी के अनुसार सौरभ गांगुली ने अपने ऊपर बायोपिक बनाने की स्क्रिप्ट की मंजूरी दे दी है।
खबर के अनुसार अब बहुत जल्द ही इस फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो सकती है। फिल्म में सौरव गांगुली का किरदार के अलावा अन्य क्रिकेटर्स के किरदार कौन निभाएगा, इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है. बताया जा रहा है कि फिल्म में एमएस धोनी का किरदार भी नजर आएगा।
टीम इंडिया को दिया आक्रामक अंदाज
बता दें कि पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक रहे हैं। भारतीय टीम को आक्रामक अंदाज देने का श्रेय उन्हें ही जाता है। उन्होंने हमेशा युवाओं को टीम में मौका दिया। वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, मोहम्मद कैफ, हरभजन सिंह और इरफान पठान जैसे खिलाड़ी उन्हीं की खोज रहे हैं। उस दौर में गांगुली अपनी आक्रमकता के लिए पहचाने जाते थे।
सौरव गांगुली बतौर कप्तान बेहद सफल रहे थे, इसके साथ ही बतौर बल्लेबाज भी वह बेहद कामयाब रहे हैं. सौरव गांगुली ने अपने करियर में 18 हजार से ज्यादा रन बनाए है। उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 38 शतक और 107 अर्धशतक शामिल हैं। टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में उनका बल्लेबाजी औसत 41+ का रहा है। उन्होंने अपने करियर में 132 विकेट भी हासिल किेए हैं।

