दिल्ली नगर निगम में मेयर चुनाव के बाद आज डिप्टी मेयर का भी चुनाव संपन्न हो गया। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार आले मोहम्मद इकबाल दिल्ली के डिप्टी मेयर चुने गए हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्यासी कमल बागड़ी को 31 वोटों से हराया है। बता दें कि इकबाल को 147 और बागड़ी को 116 वोट मिले। जबकि दो वोट रद्द घोषित कर दिया गया। इससे पहले हुए मेयर के चुनाव में ‘आप’ की शैली ओबरॉय ने भाजपा की रेखा गुप्ता को 34 वोटों से हराया था।
डिप्टी मेयर के लिए निर्वाचित आले मोहम्मद इकबाल का पुरानी दिल्ली से गहरा नाता है। वे दिल्ली के वार्ड नंबर 76 चांदनी महल से निगम पार्षद हैं। आले मोहम्मद आम आदमी पार्टी के विधायक शोएब इकबाल के बेटे हैं। 2012 से आले मोहम्मद इकबाल लगातार पार्षद चुने जा रहे हैं।
दिसंबर 2002 में संपन्न नगर निगम चुनाव में आले मोहम्मद इकबाल ने सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। वह 17,134 वोटों के अंतर से एमसीडी चुनाव जीते थे। आले मोहम्मद इकबाल के पिता शोएब इकबाल दिल्ली के सबसे अनुभवी विधायक हैं। शोएब इकबाल 6 बार के विधायक हैं और दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मेयर का चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें शैली ओबेरॉय ने भाजपा प्रत्याशी रेखा गुप्ता को हराया था। इस जीत के साथ ही पिछले ढाई महीने के बाद दिल्ली को मेयर मिल गया है। इस तरह एमसीडी में मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव हो चुका है। अब स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों का चुनाव होना बाकी है। बता दें, सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देश के बाद मेयर का चुनाव कराया गया। पिछले तीन बार से एमसीडी का सदन हंगामे के चलते स्थगित हो जा रहा था।

