यूपी विधानसभा सत्र का आज तीसरा दिन है। 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होगी। सत्र के आज तीसरे दिन आज बजट पेश होगा। राज्य के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बजट पेश करेंगे। बजट पेश होने से पहले भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने यूपी बजट को लेकर कहा, “जैसा दिल्ली वालों ने दिया है ऐसा ही यूपी वाले देंगे। इनको लेकर आना चाहिए कि पानी पर हमारी क्या योजना है, यानी हम हर खेत को पानी देंगे।”
राकेश टिकैत ने यूपी बजट पर ये भी कहा कि- “ये किसानों का नाम लेते रहेंगे, जबतक देश में एमएसपी गारंटी कानून नहीं बनेगा, उसमें तो बजट की भी जरूरत नहीं है। आपको तो केवल कानून बनाना है, लेकिन ये कुछ नहीं करेंगे।”
माना जा रहा है साल 2023-24 का ये इस बार का बजट आकार 7 लाख करोड़ से ऊपर हो सकता है। सरकार की कोशिश रहेगी कि इस बजट के माध्यम से 2022 के बीजेपी के संकल्प पत्र के वादों को पूरा किया जा सके। ऐसे में कई बड़ी घोषणाएं भी हो सकती हैं। यूपी के बजट का फोकस 2024 के लोकसभा चुनाव में भी मिले। चर्चा है कि सरकार उज्ज्वला गैस कनेक्शन धारकों को साल में दो मुफ्त गैस सिलेंडर की व्यवस्था कर सकती है।
बजट में अगर मुफ्त गैस सिलेंडर के वादे को पूरा किया जाता है तो होली में 1.75 करोड़ परिवारों को एक-एक मुफ्त गैस सिलिंडर मिल जाएगा। वहीं समाजवादी पार्टी लगातार हमलावर होते हुए भाजपा पर तंज कस रही है समाजवादी पार्टी के विधायक और मुख्य सचेतक मनोज पांडेय ने कहा कि मुफ्त गैस सिलेंडर की भी लोग प्रतीक्षा में हैं. कहते हैं कि हम बहुत ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं कि इसी नाम पर वोट ले लिया और सिलेंडर आज तक नहीं मिला।
बता दें सुरेश खन्ना चौथी बार यूपी का बजट पेश करेंगे. इससे पहले मायावती ने भी चार बार राज्य का बजट पेश किया था। यूपी में आज बजट पेश होगा। इसमें पश्चिमी यूपी के गन्ना किसानों, स्पोर्ट्स, मेट्रो रेल और एक्सप्रेस-वे पर फोकस किया जा सकता है। यूपी के बजट पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “गरीबों/किसानों/नौजवानों के उत्थान, महिलाओं के सशक्तीकरण, बुजुर्गों/दिव्यांग जनों को समर्पित, बीमारू से विकसित प्रदेश बनाने, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन एवं पार्टी के चुनावी संकल्प पत्र, निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने, जन भावनाओं के अनुरूप होगा उम्मीद से बेहतर बजट।”
वहीं अखिलेश यादव का भाजपा पर लगातार प्रहार जारी है उन्होनें कहा अब तक 6 बजट आ चुकें हैं लेकिन कोई भी बजट से किसी को कुछ फायदा नहीं हुआ ना तो किसानों की आय दोगनी हुई, ना तो बेरोजगारी दूर हुई, महंगाई अपनी चरम सीमा पर है, खाने की चीजें महंगी हो रही हैं, पेट्रोल-डीजल के दामों में इजाफा हो रहा है।
बजट से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “आजादी के अमृत काल के प्रथम वर्ष में आज प्रस्तुत होने जा रहा ‘नए उत्तर प्रदेश’ का बजट राज्य के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के इतिहास में नए स्वर्णिम अध्याय जोड़ेगा।” सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी का बजट पेश होने से पहले बोला- ‘निःसंदेह, यह बजट आदरणीय प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप प्रदेश के गांव, गरीब, किसान, नौजवान व महिलाओं समेत समाज के हर तबके के हितों की पूर्ति करने वाला होगा।’
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना आज योगी सरकार 2.0 का दूसरा आम बजट प्रस्तुत करेंगे। इस बार के बजट में युवाओं, किसानों, महिलाओं के साथ बुनियादी विकास के लिए ज्यादा उम्मीदें है। बजट में संस्कृति और हिंदुत्व से जुड़ी धरोहर और स्कीम्स को नए कलेवर में पेश किया जाने की संभावना है. हर मंडल में एक राज्य विश्वविद्यालय खोले जाने का लक्ष्य पूरा करने की झलक बजट में देखने को मिल सकती है।
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बजट पर कहा है कि घरेलू बिजली का बिल माफ होना चाहिए। आम लोगों की जरूरतें पूरी होनी चाहिए। इसके अलावा फ्री शिक्षा मिलनी चाहिए। बजट पेश होने से पहले लखनऊ स्थित सीएम योगी आदित्यनाथ के आवास पर कैबिनेट की बैठक में बजट को मंजूरी दी गई और बैठक के बाद सभी मंत्री विधानसभा के लिए निकल गए हैं।

