भारत के पूर्वोतर राज्य नागालैंड में विधानसभा का चुनाव होना है। चुनाव 27 फरवरी को 60 विधानसभा सीटों पर होगा। सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में अपनी पूरी शक्ति झोंक दी है। भाजपा ने भी चुनाव के लिए पूरी तरह से कमर कस ली है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज सोमवार को नागालैंड के मून टाउन में बीजेपी की रैली की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 में कांग्रेस दूरबीन से भी नहीं दिखेगी। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया।
2024 में कांग्रेस दूरबीन से भी नहीं दिखेगी
जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री शाह ने कहा, ”जब से राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के नेता बने तब से कांग्रेस पार्टी के नेता का स्तर नीचे जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के लिए जिस भाषा का प्रयोग हो रहा है, उसकी मैं निंदा करता हूं। आज कांग्रेस के प्रवक्ता ने मोदी जी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। राहुल गांधी मोदी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। 2024 में कांग्रेस पार्टी दूरबीन से भी नहीं दिखेगी। पूरे देश के अंदर कांग्रेस को कहीं सफलता नहीं मिल रही है।’
बता दें कि आज सोमवार को ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कथित तौर पर अपमान करते हुए देखे गए। इसी को लेकर अमित शाह ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा।
भाजपा सरकार ने बोडो समस्या का समाधान किया
अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ”नगालैंड में एनडीए की सरकार बनेगी तो हम आपकी सारी समस्या का समाधान करेंगे। भारत सरकार नागालैंड के साथ है। नगालैंड की समस्या का समाधान बहुत दूर नहीं है। मोदी जी ने इस इलाके में 70 फीसदी समस्या को कम किया है। आपके सम्मान के साथ नागालैंड का आगे का समझौता किया जाएगा। हमारा मंत्रालय मोदी जी के नेतृत्व में नागालैंड के लिए अच्छे से काम कर रहा है। नागा समुदाय महिला को सम्मान देता है। मोदी जी ने नॉर्थ ईस्ट में शांति का काम किया है। हमारी सरकार ने बोडो समस्या का समाधान किया, कार्वी एनलोंग समस्या का समाधान किया।
हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द नगालैंड की समस्या का समाधान होगा। ” शाह ने कहा कि एडीपीपी-बीजेपी गठबंधन नगालैंड चुनाव के बाद राज्य में सरकार बनाने जा रहा है।”

