अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन सोमवार को अचानक यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंच कर सबको चौका दिया है। बाइडन यूक्रेन और रूस जंग की बरसी से ठीक पहले यहां पहुंचे हैं। बता दें कि रूस ने पिछले साल 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला किया था। युद्ध के बाद राष्ट्रपति बाइडन का यह पहला यूक्रेन दौरा है। कयास लगाया जा रहा हैं कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ मिलकर बाइडन कोई बड़ी योजना बना सकते हैं।
बता दें कि बाइडेन का यह दौरा चौंकाने वाला है। इसकी किसी को कानोंकान सूचना भी नहीं दी गई। एक रिपोर्ट के मुताबिक बाइडेन के कीव पहुंचने से पहले इस इलाके को नो-फ्लाई जोन बना दिया गया था। माना जा रहा है कि बाइडन रोमानिया के एयर स्पेस से कीव पहुंचे हैं। यहां मौजूद जेलेंस्की ने उनका अभिवादन किया।
गौरतलब है कि यूक्रेन-रूस के बीच युद्ध का एक साल होने वाला है। इस जंग में हजारों सैनिक मारे जा चुके हैं। हालांकि दोनों पक्षों ने कोई आंकड़ा कभी सार्वजनिक नहीं किया है। अमेरिका युद्ध के शुरुआत से ही यूक्रेन का समर्थन करता आ रहा है। बाइडन का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। दरअसल, अमेरिका अभी तक दूर से यूक्रेन को सैन्य मदद पहुंचाता रहा है। जो बाइडन ने कई मौकों पर एलान किया है कि वह यूक्रेन के साथ हर हाल में खड़े रहेंगे। हालांकि, सोमवार को उनके यूक्रेन दौरे ने क्रेमलिन रणनीतिकारों की चिंता बढ़ा दी है।
बहरहाल, यूक्रेन पहुंचकर अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने युद्धग्रस्त देश यूक्रेन को और मदद देने का ऐलान किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि वह यूक्रेन को और भी ज्यादा और नए हथियार मुहैया कराएंगे। उन्होंने यूक्रेन की रक्षा के लिए एयर सर्विलांस रडार देने का एलान किया है।

