लखनऊ में शनिवार को देर रात एक भयानक सड़क हादसा हो गया। गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित पॉलिटेक्निक फ्लाईओवर के पास तेजी से आ रही बोलेरो अचानक से पॉलिटेक्निक फ्लाईओवर से नीचे गिर गई, जिससे बोलेरो में बैठे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों की जांच करना शुरू कर दिया है। वहीं सीएम योगी ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है।
डीसीपी नॉर्थ कासिम आब्दी ने बताया कि शनिवार की रात करीब 12.30 बजे एक एसयूवी (बोलेरो, यूपी32 एनएफ 9617) में सवार चार लोग अयोध्या हाईवे से मुंशी पुलिया की तरफ फ्लाईओवर से होकर जा रहे थे। कार तेज रफ्तार से जा रही थी कि अचानक बोलेरो अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई और हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
शादी समारोह से लौटते समय हुई घटना
जनाकारी के मुताबिक, इंदिरानगर का प्रियांशु, निशातगंज का अमित, तकरोही का हर्ष और डूडा कॉलोनी निवासी राजकुमार, चारों युवक एसयूवी से शादी समारोह से लौट रहे थे। अचानक एसयूवी बोलेरो फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। हादसे में प्रियांशु, अमित, हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजकुमार एसयूवी में ही फंसा था। हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची गाजीपुर पुलिस ने तीन युवकों को पहले निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। फिर गाड़ी में फंसे चौथे युवक राजकुमार को निकालने की कोशिश में लगे। करीब आधे घंटे में युवक को गाड़ी से निकाला गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने चार में से तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे युवक की हालत नाजुक बताई है। मृतकों में प्रियांशु, अमित और राजकुमार शामिल हैं, जबकि हर्ष की हालत गंभीर है। पॉलीटेक्निक चौकी इंचार्ज भरत पाठक ने बताया कि एसयूवी बोलेरो ओलंपिया जिम के ट्रेनर अमित के नाम पर पंजीकृत है। हादसे के वक्त वह भी गाड़ी में मौजूद था और उसकी भी मौत हो गई है।

