भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉडर-गावस्कर ट्रॉफी का दूसरा मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने बिना किसी नुकसान के 21 रन बना ली है। भारतीय ओपनर रोहित शर्मा 13 रन और केएल राहुल 4 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं, इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 78.4 ओवर में 263 रनों पर सिमट गई।
ऑस्ट्रेलिया के लिए ओपनर उस्मान ख्वाजा ने सबसे ज्यादा 81 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 1 छक्का लगाया। इसके अलावा पीटर हैंड्सकॉम्ब ने नाबाद 72 रनों की अहम पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने काफी निराश किया।
भारतीय गेंदबाजों की बात करें तो तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। इसके अलावा अश्विन और रवीन्द्र जडेजा ने 3-3 विकेट अपने नाम किया।

