Delhi News: केंद्र सरकार की ओर से 20 साल पुराने मनरेगा कानून की जगह नया बिल लाने के बाद अब इस योजना का नाम बदले जाने को लेकर विरोध तेज हो गया है। मनरेगा के नाम और कानून में बदलाव के खिलाफ युवा कांग्रेस ने राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन किया। संसद भवन के पास रायसीना रोड पर होर्डिंग लगाकर युवा कांग्रेस ने अपना विरोध दर्ज कराया और महात्मा गांधी की विरासत व मजदूरों के अधिकारों पर हो रहे हमले का आरोप लगाया।
युवा कांग्रेस ने रायसीना रोड, नई दिल्ली में ‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी अमर रहे’ लिखा हुआ होर्डिंग लगाया। यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने कहा कि मनरेगा कोई साधारण योजना नहीं है, बल्कि यह करोड़ों गरीब और मजदूर परिवारों के लिए रोजगार और सम्मान के साथ जीने का सहारा है। इसे कमजोर करना सीधे तौर पर आम जनता के हक पर हमला है।
नफरत की राजनीति का आरोप
अक्षय लाकड़ा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि नाथूराम गोडसे ने नफरत की राजनीति के चलते महात्मा गांधी की हत्या की थी और आज उसी सोच के तहत गांधी जी के नाम से जुड़ी योजना को खत्म करने या उसका नाम बदलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आरएसएस की विचारधारा का हिस्सा है।
बीजेपी पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि बीजेपी भगवान राम के नाम पर राजनीति कर रही है और तुष्टिकरण को बढ़ावा दे रही है। अक्षय लाकड़ा ने कहा कि एक तरफ धार्मिक मुद्दों को हवा दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर देश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार का ध्यान इस ओर नहीं है।
दुनिया भर में गांधी का सम्मान
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब भी दुनिया का कोई बड़ा नेता भारत आता है, वह महात्मा गांधी को नमन करता है। गांधी जी को पूरी दुनिया में जो सम्मान मिला है, वह बहुत कम लोगों को मिला है। उन्होंने कहा कि गांधी जी का सपना था कि देश में कोई भूखा न रहे और हर हाथ को काम मिले। मनरेगा उसी सोच से निकली योजना थी, लेकिन मौजूदा सरकार इसे कमजोर कर गांधी के विचारों को खत्म करना चाहती है।
गांधी के विचार नहीं मिट सकते
अक्षय लाकड़ा ने साफ कहा कि गांधी जी के विचार भारत की मिट्टी में बसे हुए हैं। कोई भी सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले, न तो गांधी का नाम मिटा सकती है और न ही मजदूरों के अधिकार छीन सकती है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस इस लड़ाई को आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।
ये भी पढ़ें: Tanya Mittal: बिग बॉस 19 के कंटेस्टेंट अमाल ने तान्या मित्तल को लेकर कही ये बड़ी बात
ये भी देखें: “कांग्रेस की नाव डुबने की तैयारी में है” Dilip Jaiswal ने क्यों कही ये बात

