Gujrat News: भावनगर के नज़दीक स्थित ‘समीप कॉम्प्लेक्स’ में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस कॉम्प्लेक्स में 3-4 अस्पताल बने हुए हैं, और आग की चपेट में कई अस्पताल आ गए। जैसे ही धुआं पूरे कॉम्प्लेक्स में फैलने लगा, वहां भर्ती मरीजों को तुरंत बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, करीब 15 से 20 बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ मरीजों को कांच तोड़कर बाहर निकालना पड़ा।
मरीजों को तुरंत दूसरे अस्पताल में किया शिफ्ट
राहत की बात यह है कि सभी मरीजों को तुरंत सर टी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल शिफ्ट कर दिया गया। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही करीब पाँच फायर टेंडर और 50 फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर पहुँचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आग इतनी भयानक थी कि उसे बुझाने में लगभग एक घंटा लग गया।
स्थानीय लोगों ने खिड़की तोड़कर बच्चों की बचाई जान
बताया जा रहा है कि बिल्डिंग की पहली मंजिल पर बने बच्चों के अस्पताल में लगभग 20 बच्चे भर्ती थे। आग लगते ही फायर ब्रिगेड को कॉल कर दिया गया था, लेकिन स्थानीय लोगों ने इंतजार नहीं किया।
उन्होंने तुरंत खिड़की पर सीढ़ी लगाई और चादरों में लपेटकर बच्चों को एक-एक कर बाहर निकालना शुरू किया। लोगों की ये सूझबूझ और बहादुरी ही बच्चों की जान बचाने में सबसे बड़ी मदद साबित हुई।
कॉम्प्लेक्स में बने हैं कई अस्पताल और ऑफिस
‘समीप कॉम्प्लेक्स’ में कई अस्पताल और ऑफिस बने हुए हैं। आग लगते ही इमारत से काले धुएं का बड़ा गुबार निकलने लगा। पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं, और लोगों के साथ मिलकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बेसमेंट से फैली आग, बड़ी लापरवाही आई सामने
आग बिल्डिंग के बेसमेंट में लगी थी। आमतौर पर बेसमेंट का इस्तेमाल पार्किंग के लिए किया जाता है, लेकिन यहां उसका उपयोग किसी और काम के लिए हो रहा था। यह भी जांच का बड़ा सवाल है कि इतनी भीड़भाड़ वाली इमारत में एक ही जगह इतने अस्पतालों का चलना कितना सुरक्षित है।
अभी आग लगने की वजहों की जांच की जा रही है। फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही है कि इतनी बड़ी आग के बावजूद किसी की जान नहीं गई। इसे लोगों की सतर्कता और त्वरित रेस्क्यू की वजह से हुए किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा।
ये भी पढ़ें: SIR Update: वोटर लिस्ट में सुधार का आखिरी मौका बढ़ा! SIR अब चलेगा 11 दिसंबर तक
ये भी देखें: Shimla Sanjauli Masjid News: जुमे की नमाज को लेकर शिमला के संजौली में हंगामा !

