राजस्थान के अजमेर में आज अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यह हादसा अजमेर के रानी बाग रिसोर्ट के पास हुआ है। बता दें कि रिसोर्ट के पास एक गैस टैंकर और ट्रक ट्रेलर के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई है। भिड़ंत इतनी भयानक हुई कि उसके बाद एक बड़ा धमाका हुआ। धमाके के कारण गैस टैंकर में आग लग गई और आग लगने की वजह से इस दर्दनाक हादसे में तीन लोग जिंदा जल गए और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जेएलएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
10 से ज्यादा मकानों में लगी आग
बता दें कि इस सड़क हादसे में गैस टैंकर और ट्रक ट्रेलर दोनों के ड्राइवर मारे गए हैं। ट्रक में मार्बल पत्थर लेकर जाया जा रहा था। धमाका इतना बड़ा था कि इससे करीब 400 मीटर तक सड़क और आसपास के क्षेत्र में आग फैल गई। हाईवे पर चल रहे दो ट्रक और कई दुपहिया वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। मिश्रीपुरा और गरीब नवाज कॉलोनी सहित आसपास फैली आग से 10 से ज्यादा मकानों में भी आग लग गई।
बहरहाल, हादसे की सूचना प्राप्त होते ही कलेक्टर अंशदीप और एसपी चूनाराम जाट ने घटना स्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू करवाया। मौके पर मौजूद वाहन चालकों के मुताबिक आग लगने से काफी देर तक हाइवे पर जाम लग गया। सुराणा पोल फैक्ट्री के प्रत्यक्षदर्शी चौकीदार हुसैन खान ने बताया कि धमाके की आवाज़ काफी दूर तक सुनाई दी।

