Agra-Lucknow Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा कानपुर के बिल्हौर इलाके के अरौल थाना क्षेत्र में हुआ। बस में सवार तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
घायलों में से एक दर्जन से ज्यादा लोगों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। गंभीर घायलों को तुरंत एंबुलेंस से कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल भेजा गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है। कई घायलों का इलाज मौके पर और आसपास के अस्पतालों में किया गया। एक घायल को डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि एक यात्री के हाथ में गंभीर चोट आई है। एक 32 वर्षीय महिला की हालत इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों को उसकी एक टांग काटनी पड़ी।
तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग हादसे की वजह
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजे बस में क्षमता से ज्यादा यात्री बैठे थे। ड्राइवर भी तेज रफ्तार में बस चला रहा था। इसी वजह से बस का बैलेंस बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बस का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह टूट गया और कई यात्री उसमें फंस गए। राहगीरों और टोल कर्मियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
अधिकारियों ने लिया हालचाल, जांच के आदेश
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) दिनेश त्रिपाठी खुद अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी घायलों का इलाज तेज गति से और ठीक तरीके से करने के निर्देश दिए। साथ ही हादसे के कारणों की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
बस दिल्ली से बिहार जा रही थी
पुलिस के मुताबिक, बस दिल्ली से बिहार जा रही थी और ज्यादातर यात्री यूपी-बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। मृतकों की पहचान की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ते हादसों को देखते हुए पुलिस ने ड्राइवरों से गति सीमा का पालन करने और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
घायलों की पहचान जारी की गई
कानपुर मेडिकल कॉलेज ने घायलों की आधिकारिक सूची जारी की है। घायलों में शामिल लोगों के नाम इस प्रकार हैं:
• पवन कुमार, सिवान (बिहार)
• सत्येंद्र कुमार, सिवान
• सपना दुबे, गोपालगंज
• दयाशंकर, अयोध्या
• गुड्डी, तरिहानी (बिहार)
• रणधीर सिंह, गोरखपुर
• पवन कुमार, सिवान (लौभरा)
• अंकुश, दरभंगा
• अमित शर्मा, फरीदाबाद
• शिवेंद्र, दिल्ली
• प्रेम प्रकाश, छपरा
इसके अलावा अभिषेक (बुलंदशहर), छाया कुशवाहा और उनकी बेटियां संप्रति व लाक्षिका, संदीप कुमार, साहिल, अरविंद यादव, लालचंद यादव, रंजनी कुमारी, राजन कुमार, अजय, गुड्डू बैठा, और अजय कुमार भी घायल हुए हैं।
यह भी देखें: Bihar Election Result 2025: महुआ सीट पर मुकाबला तेज! तेज प्रताप यादव को बड़ा झटका

