Delhi Blast: दिल्ली के महिपालपुर इलाके में सोमवार रात रेडिसन होटल के पास एक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। यह घटना उस वक्त हुई जब लाल किला ब्लास्ट की खबरें पहले से ही चर्चा में थीं। रात करीब 9 बजकर 18 मिनट पर दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि यह कोई विस्फोट नहीं बल्कि बस का टायर फटने की आवाज थी।
पुलिस ने की जांच, नहीं मिला कोई धमाके का सबूत
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि धमाके की कोई घटना नहीं हुई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु का कोई निशान नहीं मिला है।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “यह पूरी तरह अफवाह थी, वास्तव में बस का टायर फटने की आवाज थी जिसे धमाका समझ लिया गया।”
लाल किला ब्लास्ट के बाद बढ़ी दिल्ली में सतर्कता
महिपालपुर की यह घटना ऐसे समय पर हुई जब लाल किला ब्लास्ट मामले की जांच चल रही है। कुछ घंटे पहले ही लाल किले के पास कार में धमाका हुआ था, जिसके बाद से पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। ऐसे माहौल में महिपालपुर में आई आवाज ने लोगों को दोबारा डरा दिया। हालांकि, पुलिस की तेजी से कार्रवाई ने हालात पर तुरंत काबू पा लिया।
लाल किला विस्फोट मामले में आरोपी की हुई पहचान
दिल्ली पुलिस ने लाल किला कार ब्लास्ट केस में बड़ा खुलासा किया है। जांच एजेंसियों ने बताया कि धमाका करने वाला आतंकी उमर उन नबी था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लाल किला विस्फोट स्थल से मिले डीएनए नमूनों का मिलान उमर की मां और भाई के डीएनए से किया गया। एम्स फॉरेंसिक लैब में जांच के बाद यह पुष्टि हुई कि विस्फोट के समय कार उमर ही चला रहा था।
घटना स्थल से कार के स्टीयरिंग के पास एक पैर का टुकड़ा मिला था, जिससे डीएनए की पहचान की गई।
दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा, पुलिस हाई अलर्ट पर
राजधानी में लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। साथ ही, गश्त और सीसीटीवी निगरानी को भी मजबूत किया गया है।
महिपालपुर में हुई इस घटना ने कुछ समय के लिए लोगों को डरा दिया था, लेकिन पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से सच्चाई सामने आ गई। यह केवल बस का टायर फटने की आवाज थी। हालांकि, लाल किला ब्लास्ट केस में आरोपी की पहचान होने के बाद दिल्ली पुलिस और अधिक सतर्क हो गई है। राजधानी में अब सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: IND Vs SA Test: साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत का ‘गुप्त हथियार’ कौन?
ये भी देखें: Dhirendra Shastri: ‘सनातन हिंदू एकता पदयात्रा’ के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कह दी ये बात

