Delhi AQI News: दिवाली के बाद दिल्ली और नोएडा की हवा एक बार फिर खराब हो गई है। बुधवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने सुबह हल्की धुंध और दिनभर साफ आसमान रहने का अनुमान जताया है। लेकिन चिंता की बात है दिल्ली और आसपास के इलाकों में बढ़ता प्रदूषण, जो सांस लेना मुश्किल कर रहा है।
दिल्ली का AQI बहुत खराब
बुधवार सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत AQI 335 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में आता है। सीपीसीबी के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में AQI 350 से ऊपर है, जो हवा की खराब स्थिति को दिखाता है।
AQI दोपहर 12 बजे तक
- पटपड़गंज – 362
- आईटीओ – 366
- आनंद विहार – 358
- बवाना – 359
- चांदनी चौक – 323
- IGI एयरपोर्ट (T3) – 258 (‘Poor’)
- पंजाबी बाग – 414 (‘Severe’)
- आर. के. पुरम – 380
- सोनिया विहार – 333
- वजीरपुर – 390
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में भी हाल बेहाल
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी बुधवार को हवा की हालत बेहद खराब रही। दिवाली की रात हुई ज़बरदस्त आतिशबाज़ी के बाद से हवा में जहरीले कणों की मात्रा काफी बढ़ गई है। धुआं और धुंध की मोटी परत शहर में छाई हुई है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कुछ इलाकों में AQI:
- सेक्टर 62 (नोएडा) – 290
- सेक्टर 116 (नोएडा) – 350
- नॉलेज पार्क 5 (ग्रेटर नोएडा) – 265
- नॉलेज पार्क 3 (ग्रेटर नोएडा) – 266
लोगों को सांस लेने में हो रही दिक्कत
सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को सबसे ज़्यादा दिक्कत हो रही है। कई लोग मास्क पहनकर ही बाहर निकल रहे हैं। हवा में मौजूद जहरीले तत्वों की वजह से सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ये हालात खासकर बच्चों, बुज़ुर्गों और अस्थमा के मरीजों के लिए बहुत खतरनाक हो सकते हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक हालात ऐसे ही बने रह सकते हैं। हालांकि, 25 अक्टूबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में बन रहे एक सिस्टम की वजह से हल्की बारिश हो सकती है, जो इस जहरीली धुंध को थोड़ा साफ कर सकती है।
AQI कैसे समझें?
- 0–50 : अच्छा
- 51–100 : संतोषजनक
- 101–200 : मध्यम
- 201–300 : खराब
- 301–400 : बहुत खराब
- 401–500 : गंभीर
ये भी देखें : CM Yogi Diwali Gift 2025: दीपावली के मौके पर CM Yogi का जनता को बड़ा तोहफा
ये भी पढ़ें : Bihar Election 2025: भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर का बयान, कहा – ”बिहार चुनाव में NDA जीत की ओर! ”

