उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में आज गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया है। हादसे में ट्रेन के ड्राईवर गंभीर रुप से घायल हो गए हैं। बता दें कि सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन के समीप गभड़िया ओवर ब्रिज के नीचे दो मालवाहक ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर हो गयी। ट्रेनों की टक्कर से आधा दर्जन से अधिक डिब्बे पटरी से उतर गए और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद रेल मार्ग बाधित हो गया है जिससे यात्री काफी परेशान हो गए हैं। बता दें कि सुल्तानपुर से गुजरने वाली सभी ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया है। उत्तर रेलवे ने इन ड़यवर्ट ट्रेनों को फैजाबाद व प्रतापगढ़ के रास्ते डायवर्ट कर दिया है।
बता दें कि दुर्घटना स्थल पर पहुंचे सुल्तानपुर के उप जिला अधिकारी सी.पी पाठक ने बताया कि बाधित रेल मार्ग को खाली कराने के लिए रेल विभाग की तकनीकी टीम लखनऊ से रवाना हो गई है, उन्होंने देर शाम तक मार्ग के प्रशस्त होने की उम्मीद जताई है, उप जिला अधिकारी ने दुर्घटना के कारणों की जांच कराने की भी बात कही है।
इसके अलावा स्टेशन मास्टर एसएस मीना ने बताया कि प्रथम दृष्टया वाराणसी से आ रही मालवाहक ट्रेन के चालक की लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई है। उसे होम सिग्नल पर रोकने का संकेत दिया गया था, फिलहाल उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही दुर्घटना के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
बहरहाल, इस दुर्घटना से रेलवे अधिकारियों में हरकंप मची हुई है। इसमें रेलवे अधिकारियों की लापरवाही नजर आ रही है। मालवाहक गाड़ी होने की वजह से कोई बड़ा नुकसान नही हुआ है। मालवाहक गाड़ी के बजाए अगर यात्री गाड़ी होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

