Bihar Election 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर जो इंतज़ार काफी वक्त से चल रहा था, वो अब खत्म होने वाला है। चुनाव आयोग आज यानी सोमवार, 6 अक्टूबर को शाम 4 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है, जिसमें बिहार चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।
इसके साथ ये भी साफ हो जाएगा कि इस बार चुनाव कितने चरणों में होंगे। माना जा रहा है कि दो चरणों में चुनाव करवाए जा सकते हैं।
चुनाव 22 नवंबर से पहले कराए जाएंगे
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पहले ही कह चुके हैं कि बिहार में चुनाव 22 नवंबर से पहले करवा लिए जाएंगे। वजह ये है कि 243 सीटों वाली विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म हो रहा है। यानी नई सरकार के गठन के लिए उससे पहले चुनावी प्रक्रिया पूरी करनी जरूरी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कई राजनीतिक दलों ने चुनाव आयोग से कहा है कि छठ पूजा के बाद चुनाव कराए जाएं। इसका कारण यह है कि छठ के समय बड़ी संख्या में बिहार से बाहर काम करने वाले लोग घर लौटते हैं, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान में हिस्सा ले सकेंगे।
चुनाव आयोग ने लिया फीडबैक
चुनाव आयोग ने 4 और 5 अक्टूबर को बिहार का दौरा किया था। इस दौरान राजनीतिक दलों, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की गई। चर्चा का मुख्य मुद्दा था – कानून-व्यवस्था, वोटिंग सेंटर की व्यवस्था और शांतिपूर्ण चुनाव कराना।
इस बार चुनाव में कुछ बड़े बदलाव भी
चुनाव आयोग ने इस बार के बिहार चुनाव में कुछ बड़े बदलाव किए हैं। सबसे अहम बदलाव यह है कि अब एक बूथ पर 1,200 से ज्यादा मतदाता नहीं होंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि राज्य में करीब 90,000 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। पहले एक बूथ पर 1,500 या उससे ज्यादा वोटर होते थे, जिससे वहां भीड़ और लंबी लाइनें लग जाती थीं। इस बार उसे कंट्रोल करने के लिए ये बदलाव किया गया है।
पिछली बार तीन चरणों में हुआ था चुनाव
अगर बात करें 2020 के विधानसभा चुनाव की, तो वो तीन चरणों में हुआ था।
- पहला चरण: 28 अक्टूबर (71 सीटों पर वोटिंग)
- दूसरा चरण: 3 नवंबर (94 सीटों पर वोटिंग)
- तीसरा चरण: 7 नवंबर (78 सीटों पर वोटिंग)
- मतगणना हुई थी 10 नवंबर को।
शाम 4 बजे की प्रेस कॉन्फ्रेंस
अब देखना होगा कि चुनाव आयोग आज शाम क्या घोषणा करता है – चुनाव की तारीखें, कितने चरण होंगे, और वोटिंग कब से शुरू होगी। बिहार की जनता, राजनीतिक दल और उम्मीदवार सभी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अगर आप भी बिहार चुनाव में दिलचस्पी रखते हैं, तो शाम 4 बजे की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नजर जरूर रखें।
यह चुनाव ना सिर्फ राज्य के लिए, बल्कि पूरे देश की राजनीति के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें : IND vs WI: भारत का शानदार प्रदर्शन, वेस्टइंडीज को नहीं मिला टिकने का मौका, सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त
ये भी देखें : ‘महादेव पूजा का विषय है या लव का’ I Love Mahadev पर भड़के शंकराचार्य