Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियों ने मिलकर एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। देश की राजधानी दिल्ली को दहलाने की प्लानिंग कर रहे आतंकियों के एक पूरे मॉड्यूल को पकड़ लिया गया है। गुरुवार को देश के कई राज्यों में एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कुल 11 को पकड़ा गया था। बाकी की जांच अभी जारी है।
क्या था प्लान?
पुलिस की स्पेशल सेल के अतिरिक्त आयुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ये लोग ‘गजवा-ए-हिंद’ की तर्ज पर जिहाद की तैयारी कर रहे थे। इनका मकसद भारत में खिलाफत (इस्लामी शासन) जैसी व्यवस्था लाना था। इसके लिए इन्होंने एक कट्टरपंथी ग्रुप बना रखा था, जिसे ‘लश्कर’ नाम दिया गया था।
इनकी योजना सिर्फ दहशत फैलाने तक सीमित नहीं थी, बल्कि कुछ लोगों की टार्गेटेड किलिंग (चुनिंदा हत्या) की भी तैयारी चल रही थी।
कहां-कहां से पकड़े गए आरोपी?
पुलिस ने जिन पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें से प्रमुख आरोपी रांची (झारखंड) का रहने वाला अशहर दानिश है। इसके अलावा
- सूफियान अबूबकर खान और आफताब अंसारी को मुंबई से दिल्ली लाया गया और गिरफ्तार किया गया।
- हुजैफा यमन को तेलंगाना के निजामाबाद से पकड़ा गया।
- कामरान कुरैशी को मध्य प्रदेश के राजगढ़ से गिरफ्तार किया गया।
इनके पास से आईईडी बनाने का सामान, विस्फोटक, हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
अशहर दानिश कौन है?
अशहर दानिश इस पूरे मॉड्यूल का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसका हैंडलर पाकिस्तान से जुड़ा हुआ है। वो खुद को बाहर से एक प्रोफेशनल कंपनी का सीईओ बताता था, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन अंदरूनी नेटवर्क में उसका कोड नाम था ‘गजवा लीडर’।
उसने एक एनजीओ के नाम पर जमीन खरीदने की कोशिश भी की थी, ताकि उसकी गतिविधियां छुपी रहें। उसके साथ जुड़े लड़के बेहद कट्टरपंथी विचारधारा के हैं।
फिलहाल जांच जारी
फिलहाल पुलिस इस मॉड्यूल से जुड़े बाकी लोगों से पूछताछ कर रही है। जिन 11 लोगों को पकड़ा गया था, उनमें से 5 की गिरफ्तारी हो चुकी है। बाकी के बारे में जांच चल रही है कि वे इस साजिश में कितने शामिल थे।
ये भी पढ़ें : Amroha News: अमरोहा में अवैध होर्डिंग्स और अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, बड़ी संख्या में बैनर-जप्त
ये भी देखें : समाज में शांति बनाए रखने की अपील, मदनी के बयान पर शंकराचार्य की दो टूक

