आज तारीख है 14 फरवरी, 4 साल पहले यानी 2019 में आज के दिन ही जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमला हुआ था। यह देश में हुए अबतक के बड़े आतंकी हमलों में से एक था। यह दिन कोई भी भारतीय भुलाय नहीं भूल सकता। 14 फरवरी 2019 को हर भारतीय की आँखे नम थी।
बता दें कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर सीआरपीएफ जवानों का काफिला गुजर रहा था। यह काफिला जब पुलवामा पहुंचा, तभी दूसरी तरफ से आ रही विस्फोटक से भरे कार ने जवानों की बस में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद एक भयानक विस्फोट हुआ जिसमें सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए। हालांकि इस हमले के बाद भारत ने कड़े कदम उठाते हुए हमले का बदला लिया। हमारे बहादुर सैनिकों ने इस हमले का जवाब बालाकोट सर्जिकल स्ट्राइक के रूप में दिया। भारत ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकी ठिकानों को नष्ट किया।
इस आतंकी हमले की बरसी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अन्य हस्तियों ने शहीद जवानों को मंगलवार को श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा- “उन वीरों को याद कर रहा हूं, जिन्हें हमने पुलवामा में खो दिया था। हम उनके सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेंगे। उनका साहस हमें एक मजबूत और विकसित भारत बनाने के लिए प्रेरित करता है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं वर्ष 2019 में आज ही के दिन पुलवामा में हुए भीषण आतंकी हमले में शहीद वीर जवानों को श्रद्धांजलि देता हूं। देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उनका शौर्य और अदम्य साहस हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

