UP News: देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय दौरे पर आज अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ पहुंचे। वह सुबह 11 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां से सीधे ऐशबाग स्थित रामलीला मैदान पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं व प्रबुद्धजनों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।
इसके बाद रक्षा मंत्री का कार्यक्रम चौक स्थित श्री कालीजी मंदिर परिसर में निर्धारित है, जहां वे शाम 4 बजे नवनिर्मित शंकराचार्य भवन का लोकार्पण करेंगे। इसी दिन शाम 5:30 बजे, वे निरालानगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित गुरु दक्षिणा कार्यक्रम में शामिल होंगे।
राजनाथ सिंह के लखनऊ प्रवास को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
सीएम योगी का भी व्यस्त कार्यक्रम
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मॉर्स ऑडिटोरियम में आयोजित ‘भारत में पशु नस्लों का विकास’ विषय पर कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम ने देश में देसी पशु नस्लों के संरक्षण और संवर्धन पर जोर देते हुए वैज्ञानिक तरीकों से पशुपालन के महत्व को रेखांकित किया।
गुरु तेग बहादुर संदेश यात्रा का स्वागत
कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज लखनऊ में महान बलिदानी साहिब श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के 350वें शहीदी वर्ष को समर्पित ‘श्री गुरु तेग बहादुर संदेश यात्रा’ का स्वागत और अभिनंदन भी किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 कालीदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए।
उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को भारत की धार्मिक सहिष्णुता और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक बताया और कहा कि देश को उनके अद्वितीय योगदान से प्रेरणा लेनी चाहिए।
ये भी पढ़ें : Akhilesh Yadav: लखनऊ के बाद अब अखिलेश यादव का आजमगढ़ में नया ठिकाना, सपा की पूर्वांचल राजनीति को मिलेगा नया आधार
ये भी देखें : देवकीनंदन ठाकुर को जान से मारने की धमकी! आखिर क्यों मिल रही हैं चेतावनियां एक संत को?

