देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज यानी सोमवार को काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में हाजिरी लगाई। पहली बार वाराणसी दौरे पर आई राष्ट्रपति मुर्मू ने बाबा के दरबार में विधि विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दर्शन-पूजन की। इस दौरान प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहें।
बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू कालभैरव मंदिर में दर्शन करने के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए रवाना हुई। लगभग चार घंटे के अपने प्रवास में राष्ट्रपति दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती में शामिल होंगी। शाम सवा सात बजे के लगभग राष्ट्रपति विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगी।
गौरतलब है कि आज राष्ट्रपति दोपहर तीन बजे वायु सेना के विशेष विमान से बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुची थी। जहां विमानतल पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी अगवानी की। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू राज्यपाल व मुख्यमंत्री के साथ एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच वाहनों के काफिले के बीच काल भैरव मंदिर दर्शन करने पहुंची। इस दौरान पुलिस लाइन से मैदागिन चौराहे तक लोग सड़क किनारे खड़े होकर राष्ट्रपति का अभिवादन हर—हर महादेव के उद्घोष से करते रहे।

